सीहोर में रुद्राक्ष महोत्सव के सुरक्षित आयोजन के लिए यातायात डायवर्जन प्लान पर समन्वय बैठक आयोजित की गई। यह महोत्सव कुबरेश्वर धाम में 14 से 20 फरवरी तक चलेगा। बैठक के दौरान कुबरेश्वर धाम का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम सीहोर में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, देहात जोन संजय तिवारी, पुलिस उप महानिरीक्षक, देहात रेंज भोपाल राजेश सिंह चंदेल और एसपी दीपक शुक्ला उपस्थित थे। इसमें सीहोर, रेलवे (भोपाल-सीहोर), भोपाल देहात, भोपाल शहर और देवास जिले के अधिकारियों ने भाग लिया। रुद्राक्ष महोत्सव और शिव महापुराण कथा के मद्देनजर मार्गों पर यातायात डायवर्जन किया गया है। यह डायवर्जन 12 फरवरी की सुबह 6 बजे से 21 फरवरी की सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा। भारी वाहनों के लिए यह रहेगी व्यवस्था
भोपाल की ओर से आने वाले भारी वाहन थाना-परवलिया अंतर्गत मुबारकपुर जोड़ और थाना-खजूरी अंतर्गत तुमड़ा जोड़ से श्यामपुर-कुरावर-ब्यावरा-शाजापुर-मक्सी होते हुए देवास-इंदौर जाएंगे। इसी प्रकार, देवास और इंदौर से आने वाले भारी वाहन देवास से मक्सी-शाजापुर-ब्यावरा-कुरावर-श्यामपुर होते हुए भोपाल की ओर जाएंगे। छोटे वाहनों के लिए यह रहेगी व्यवस्था
भोपाल से आष्टा-देवास-उज्जैन-इंदौर जाने वाले छोटे वाहन और सवारी वाहन सीहोर न्यू क्रिसेंट चौराहा से भाऊखेड़ी जोड़ होते हुए अमलाहा से आष्टा, देवास, उज्जैन, इंदौर पहुंचेंगे। इंदौर-उज्जैन-देवास से भोपाल जाने वाले छोटे वाहन और सवारी वाहन आष्टा-अमलाहा-भाऊखेड़ी जोड़-न्यू क्रिसेंट चौराहा होते हुए भोपाल जाएंगे। सभी डायवर्जन पॉइंट्स पर लगेंगे सीसीटीवी
हालांकि, भोपाल और इंदौर-देवास-उज्जैन से कुबरेश्वर धाम सीहोर कथा स्थल पर आने वाले वाहन अपने नियमित मार्ग हाईवे से बिना किसी डायवर्जन के सीधे कथा स्थल तक पहुंचेंगे। उन्हें धाम पर बनाई गई विभिन्न पार्किंग में अपने वाहन व्यवस्थित रूप से पार्क करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी डायवर्जन पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग, टेंट, टेबल-कुर्सी, संकेतक सहित पर्याप्त बल और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इन सभी बिंदुओं पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सूचनाओं और गतिविधियों का त्वरित आदान-प्रदान किया जाएगा। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी होल्डिंग एरिया भी बनाए जाएंगे। नक्शे की मदद से समझिए, कैसा रहेगा ट्रेफिक प्लान…


