शादी से पहले महिला कॉन्स्टेबल को उठा ले गया गैंगस्टर:8 घंटे बाद पुलिस ने बरामद किया, बारात नहीं आई तो पिता की तबीयत बिगड़ी

मेरठ में शादी से कुछ घंटे पहले गैंगस्टर ने महिला कॉन्स्टेबल को किडनैप कर लिया। रविवार शाम को बारात आनी थी। शादी से 4 घंटे पहले लड़की लापता हो गई। पिता ने हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई। वहीं, पुलिस का दावा है कि लड़की अपनी मर्जी से गई है। पुलिस की 4 टीमें बरामदगी के लिए लगाई गईं। पुलिस ने महिला कॉन्स्टेबल संध्या भारद्वाज (25) को करीब 8 घंटे में ही बरामद कर लिया है। लेकिन बारात नहीं आने पर पिता की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया- सोमवार को महिला का मेडिकल कराया जाएगा। कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। वहीं लड़के वालों ने बारात लाने से इनकार कर दिया। मामला बहसूमा थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर सादान का है। अब जानिए पूरा मामला… अकबरपुर सादान की रहने वाली महिला कॉन्स्टेबल संध्या भारद्वाज (25) की रविवार रात बारात आनी थी। इससे पहले सुबह बदमाश ने महिला कॉन्स्टेबल का अपहरण कर लिया। इसकी सूचना परिजनों को मिली तो हंगामा मच गया। महिला कॉन्स्टेबल के पिता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया- मेरी बेटी संध्या भारद्वाज अलीगढ़ के साइबर क्राइम थाने में तैनात है। बेटी का रिश्ता अलीगढ़ में ही बन्ना देवी थाने में तैनात सिपाही अतुल शर्मा से तय हुआ। 8 फरवरी को मुजफ्फरनगर के मीरापुर के गांव खेड़ी सराय गांव से बारात आनी थी। घर में शादी की रस्म पूरी होने के बाद शादी से 4 घंटे पहले हाथों में मेहंदी लगी महिला कॉन्स्टेबल संध्या अचानक लापता हो गई। पिता ने बताया- मेरी बेटी को ढीकोली के रहने वाला अंकित किडनैप करके ले गया है। अंकित का आपराधिक रिकॉर्ड है। मेरी बेटी की जान को खतरा है। कॉल कर बोली- अपनी मर्जी से जा रही हूं
पुलिस के मुताबिक, परिवार जब थाने पहुंचा था तो उसके कुछ देर बाद ही महिला कॉन्स्टेबल का घर के एक मोबाइल फोन पर कॉल आया। उसने कहा कि वह अपनी मर्जी से जा रही है। उसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। उसने यह भी कहा कि वह बालिग है और अपना अच्छा-बुरा सब समझती है। हालांकि, परिवार इसकी पुष्टि नहीं कर रहा। CO पंकज लवानिया ने बताया कि पिता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मवाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है अंकित
आरोपी अंकित ठाकुर मवाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। मई-2025 में उसने कुछ साथियों के साथ मिलकर एक शराब के ठेके पर लूट की थी। पुलिस ने उसकी घेराबंदी की थी। मुठभेड़ के बाद आरोपी अंकित को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान अंकित के एक पैर में गोली भी लगी थी। कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया है। अंकित पर 11 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें 9 मवाना थाने में जबकि 2 किला परीक्षितगढ़ थाने में दर्ज है। लड़की के पिता की तबीयत हुई खराब
शादी से पहले बेटी के अपहरण से परिवार सदमे में है। चर्चा है कि सिपाही के पिता की तबीयत खराब हो गई है। सीने में दर्द की शिकायत के चलते उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जिसने यह रिश्ता कराया था, वह शख्स भी महिला सिपाही के घर पहुंच गया है। उधर, लड़के पक्ष से भी फोन पर लगातार बात की जा रही है। ——————————
ये खबर भी पढ़ें…
कारोबारी के बेटे ने लेम्बोर्गिनी से 6 को उड़ाया; कानपुर में बुलेट सवार 10 फीट दूर गिरा, थाने में बाउंसरों ने घायलों से बद्तमीजी की कानपुर में तंबाकू कारोबारी के बेटे ने लेम्बोर्गिनी कार से 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। एक बुलेट सवार को टक्कर मारी तो वह हवा में उछलकर 10 फीट दूर जा गिरा। इसके बाद लेम्बोर्गिनी बुलेट के ऊपर ही चढ़ गई। पढ़िए पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *