बीकानेर में पहुंचे अभिषेक बनर्जी, आईफा डिजिटल अवॉर्ड करेंगे होस्ट:एक्ट्रेस नोरा फतेही देंगी स्पेशल परफॉर्मेंस, कैटरीना कैफ करेंगी शिरकत, अर्जुन कपूर का मिला नाेमिनेशन

इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवार्ड्स 2025 के जयपुर में होने वाले आयोजन से पहले बॉलीवुड अभिनेता और मशहूर होस्ट अभिषेक बनर्जी राजस्थान के बीकानेर में स्पॉट किए गए। वे आईफा डिजिटल अवॉर्ड के को-होस्ट के रूप में समारोह का हिस्सा बनने जा रहे हैं। अभिषेक ने बीकानेर में शूट करते नजर आए। वे आईफा और राजस्थान टूरिज्म के लिए स्पेशल शूट कर रहे हैं। यहां वे अपने फिल्मी अनुभवों को इस वीडियो में प्रस्तुत करते दिखेंगे। इन वीडियोज को आईफा में दिखाया जाएगा। इस साल आईफा अवॉर्ड्स अपनी 25वीं वर्षगांठ को सिल्वर इज द न्यू गोल्ड थीम के तहत भव्य रूप से मना रहा है। भारतीय सिनेमा की इस शानदार यात्रा को सेलिब्रेट करने के लिए कई नामी हस्तियां इस आयोजन का हिस्सा बनेंगी।आठ मार्च को जेईसीसी में आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स के को-होस्ट के रूप में अपनी भूमिका को लेकर अभिषेक बनर्जी बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि “मैं दुनिया के सबसे बड़े भारतीय सिनेमा उत्सव – IIFA का हिस्सा बनकर बेहद रोमांचित हूं। यह डिजिटल और ओटीटी एंटरटेनमेंट के अद्भुत टैलेंट, क्रिएटिविटी और इनोवेशन को सम्मानित करने का एक शानदार प्लेटफॉर्म है। इसे होस्ट करना मेरे लिए गर्व की बात है। नोरा फतेही करेंगी परफाॅर्म IIFA 2025 के मंच पर इस बार भी बॉलीवुड की डांस क्वीन नोरा फतेही अपने धमाकेदार परफॉर्मेंस से रंग जमाने को तैयार हैं। 8 मार्च को डिजिटल अवॉर्ड समारोह में नोरा अपने शानदार डांस मूव्स से सभी को मंत्रमुग्ध करेंगी। आईफा आयोजकों ने नोरा फतेही के साथ मंच साझा करने वाले डांसर्स की चाह रखने वालों के लिए एक कैम्पेन भी शुरू किया है। जिसे उन्होंने डांस मैनिया नाम दिया है। इसके लिए द क्लब बाय आईफा ऐप पर अपने बेस्ट डांस मूव्स का वीडियो अपलोड करना होगा, इसके विजेताओं को नोरा के डांस परफॉर्म करने का मौका मिलेगा। कैटरीना कैफ भी आएंगी नजर बॉलीवुड स्टार कैटरीना कैफ ने आईफा 2025 के ऐतिहासिक 25वें संस्करण में शामिल होने को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि “आईफा मेरे लिए सिर्फ एक ग्लोबल इवेंट नहीं, बल्कि एक ऐसा सफर है जो प्यार, गर्मजोशी और बेहतरीन यादों से भरा हुआ है। यह शुरू से ही मेरे लिए घर जैसा महसूस हुआ है। यह एक ऐसा मंच, जहां हम भारतीय सिनेमा के जादू, कहानी कहने के जुनून और दर्शकों के साथ गहरा जुड़ाव मनाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आईफा की 25वीं सालगिरह का हिस्सा बनना मेरे लिए बड़े गर्व की बात है। इसे जयपुर, राजस्थान में सेलिब्रेट करना वाकई खास होगा। निगेटिव रोल के लिए अर्जुन कपूर हुए नॉमिनेट बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर को आईफा 2025 में ‘परफॉर्मेंस इन ए निगेटिव रोल’ कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है। उन्हें यह नॉमिनेशन रोहित शेट्टी की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में उनके दमदार निगेटिव किरदार के लिए मिला है। अपनी अब तक की फिल्मों में अलग-अलग भूमिकाएं निभाने वाले अर्जुन ने इस बार एक ग्रे-शेड कैरेक्टर में जबरदस्त परफॉर्मेंस दी है, जिसे दर्शकों और क्रिटिक्स से काफी सराहना मिल रही है। शाहरुख बोले आईफा के साथ उनका खास कनेक्शन इस साल IIFA अपने 25 गौरवशाली वर्षों का जश्न मना रहा है और इस ऐतिहासिक सिल्वर जुबली सेलिब्रेशन का हिस्सा बनने के लिए बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने अपनी खुशी जाहिर की है। शाहरुख खान बोले कि आईफा सिर्फ इवेंट नहीं, यह भारतीय सिनेमा की विरासत है। इस शानदार 25 साल की यात्रा के कुछ सबसे अनमोल पल मेरी यादों में बसे हुए हैं। इस सिल्वर जुबली को जयपुर, राजस्थान जैसे रंगीन और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहर में सेलिब्रेट करना जादुई एहसास है। लंदन के मिलेनियम डोम में हुए पहले आईफा से लेकर अब तक, यह भारतीय सिनेमा की ग्लोबल पहचान का प्रतीक रहा है। यह सिर्फ एक इवेंट नहीं, बल्कि एक विरासत है, जो कहानी कहने की ताकत, संस्कृति और कला की चमक को सीमाओं से परे लेकर जाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *