खंडवा में भैंसों का तबेला हटाने के दौरान हंगामा:पूर्व पार्षद ने कहा- एनकाउंटर कर दो, अफसर बोलें- अंदर कर देंगे

खंडवा शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान शुक्रवार को उस वक्त विवाद की स्थिति बन गई, जब गुलमोहर कॉलोनी में भैंसों का तबेला तोड़े जाने को लेकर कांग्रेस के पूर्व पार्षद और सिटी मजिस्ट्रेट आमने-सामने आ गए। कार्रवाई के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। दरअसल, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर के नेतृत्व में नगर प्रशासन द्वारा गुलमोहर कॉलोनी में रहवासी क्षेत्र में बनाए गए भैंसों के तबेले को हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान कांग्रेस के पूर्व पार्षद अहमद पटेल मौके पर पहुंचे और कार्रवाई रोकने तथा तबेला हटाने के लिए समय देने की मांग करने लगे। मजिस्ट्रेट बोले- अंदर कर देंगे
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि रहवासी इलाके में पशु तबेला चलाना नियमों के खिलाफ हैं। इसलिए तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस पर पूर्व पार्षद अहमद पटेल ने कहा कि “अगर ऐसा ही है तो हमें गोली मार दो, एनकाउंटर कर दो, या JCB हम पर चढ़ा दो, खेल खत्म हो जाएगा।” इस बयान पर सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि इस तरह की बातें करना शासकीय कार्य में बाधा की श्रेणी में आता है और कानूनन कार्रवाई की जा सकती है। मजिस्ट्रेट ने पुलिस बुलाई और कहा कि शासकीय कार्य में बाधा की तो अंदर कर देंगे। इसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से भैंसों का तबेला तोड़ दिया गया। सड़क किनारे अतिक्रमण भी हटाए कार्रवाई के दौरान गुलमोहर कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे रखी गई पान की गुमटियां और टप भी जेसीबी की मदद से हटाए गए। सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर ने बताया कि गुलमोहर कॉलोनी पूरी तरह से रहवासी क्षेत्र है। वहां नियमों के विरुद्ध भैंसों का तबेला बनाया गया था। इसके अलावा सड़क किनारे भी अतिक्रमण किया गया था। प्रशासन शहरभर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है। जो भी नियम तोड़ेगा, उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *