लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक 20 वर्षीय युवक ने संदिग्ध हालात में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। माती गांव निवासी रंजीत रावत मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक सोमवार दोपहर रंजीत ने शराब पीने के लिए अपनी मां संगीता से रुपए मांगे। मां ने पैसे देने से इनकार किया तो वह घर में रखी मां की बिछिया लेकर बेचने जाने लगा। इसी बात को लेकर घर में जमकर विवाद और कहासुनी हुई। मां से झगड़े के बाद निकला घर से झगड़े के बाद रंजीत घर से निकल गया। शाम करीब 5 बजे गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर लोगों ने उसे बेर के पेड़ से मफलर के सहारे लटका देखा। इसकी जानकारी तुरंत परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पिता राजाराम, मां संगीता, चार बहनें और एक छोटा भाई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


