भक्ति, भावना और शिक्षा का संगम, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम की भिक्षु भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धा का सागर

शांतिनिकेतन (साध्वी सेवा केंद्र) रविवार शाम उस समय भक्ति और आध्यात्मिकता से आलोकित हो उठा, जब तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (टीपीएफ) बीकानेर द्वारा भिक्षु भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम आचार्य महाप्रज्ञ शिक्षा सहयोग योजना के अंतर्गत फंड रेज़िंग उद्देश्य से आयोजित हुआ, जिसने श्रद्धा के साथ शिक्षा सेवा का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ एकता पुगलिया के मंगलाचरण से हुआ। टीपीएफ बीकानेर अध्यक्ष रतन छलाणी ने कहा कि यह पहल समाज के पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देकर उच्च शिक्षा की राह आसान बनाती है। उन्होंने इसे धर्म और सेवा का सजीव समन्वय बताया। टीपीएफ राष्ट्रीय अध्यक्ष हिम्मत मांडोत ने अपने उद्बोधन में कहा कि तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम ने देशभर के प्रोफेशनल्स को एक ऐसे मंच पर जोड़ा है, जहां आध्यात्मिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व साथ-साथ चलते हैं। उन्होंने बताया कि 11,000 से अधिक सदस्य शिक्षा, सेवा और संस्कार के कार्यों में सक्रिय हैं। उनके आह्वान से प्रेरित होकर अनेक श्रावकों ने शिक्षा सहयोग योजना में आर्थिक सहयोग की घोषणाएं कीं। भजन संध्या का प्रमुख आकर्षण रहे श्रद्धानिष्ठ संगायक कमल सेठिया, जिन्होंने भिक्षु परंपरा से जुड़े भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनकी सुमधुर वाणी और गहन भावाभिव्यक्ति ने संपूर्ण सभा को मंत्रमुग्ध कर दिया। वातावरण भक्ति ही शक्ति के भाव से ओतप्रोत हो उठा। कार्यक्रम में टीपीएफ की राष्ट्रीय टीम, स्थानीय तेरापंथ सभा-संस्थान के पदाधिकारी, समाजजन एवं बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं की उपस्थिति रही। मंच संचालन प्रवीण जैन एवं देवेंद्र डागा ने कुशलतापूर्वक किया। यह आयोजन न केवल भक्ति का उत्सव बना, बल्कि शिक्षा सेवा के लिए सामूहिक संकल्प का भी सशक्त माध्यम सिद्ध हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *