भास्कर न्यूज | चंदवा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के अंतर्गत सोमवार से चंदवा प्रखंड कार्यालय सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ चंदन प्रसाद, पंचायती राज प्रखंड समन्वयक रितेश कुमार, प्रशिक्षक शशि कुजूर एवं राजन कुमार ने किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मियों की क्षमता का विकास करना है, ताकि ग्राम पंचायतों में शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाया जा सके। कार्यशाला के पहले दिन पंचायत सहायकों एवं मोबलाइजर सह पंचायत सहायकों को ग्राम सभा के महत्व, उसकी भूमिका एवं अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षक शशि कुजूर एवं राजन कुमार ने उपस्थित प्रतिभागियों को बताया कि ग्राम सभा लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे मजबूत इकाई है, जिसके माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विकास योजनाओं पर निर्णय लेते हैं। उन्होंने पेशा कानून की जानकारी देते हुए कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में ग्राम सभा को विशेष अधिकार प्राप्त हैं, जिनका सही ढंग से पालन किया जाना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान योजनाओं के चयन, सामाजिक अंकेक्षण, जनभागीदारी एवं पंचायतों की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि इस प्रशिक्षण से पंचायत सहायकों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और ग्रामीण विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में प्रखंड कार्यालय के कर्मी एवं दर्जनों मोबलाइजर सह पंचायत सहायक मौजूद थे। भास्कर न्यूज |हरिहरगंज हरिहरगंज प्रखंड अंतर्गत बिशनपुर गांव में सोमवार को राजीव रंजन के हरिहरगंज प्रखंड सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने पर लोगों ने भव्य स्वागत किया।ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। सांसद विष्णु दयाल राम ने राजीव रंजन को हरिहरगंज प्रखंड का सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आभार जताने वालों में प्रमुख रूप से विकास सिंह, मनीष कुमार सिंह, प्रसिद्ध सिंह, युवराज सिंह, सरोज ठाकुर, जितेंद्र सिंह, विनीत कुमार सिंह, सिकंदर सिंह, चंद्रदेव सिंह, सत्येंद्र ठाकुर, रामवृक्ष, मस्ताना, मुन्ना मेहता, सेवा निवृत्त शिक्षक मृत्युंजय कुमार सिंह, अखिलेश कुमरी मेहता, विजय प्रजापति, कामेश्वर मेहता और मुन्ना यादव शामिल रहे। लातेहार| जिला समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, संस्थागत प्रसव, एएनसी (गर्भावस्था पूर्व जांच) की प्रगति, एनसीडी (असंक्रामक रोग) स्क्रीनिंग, एमटीसी (माल्न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर) केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की।उपायुक्त ने निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं की समय पर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए और सभी प्रसव सुरक्षित संस्थागत रूप से कराए जाएं। उन्होंने एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तेज गति से संचालित करने पर जोर दिया। साथ ही एमटीसी केंद्रों में कुपोषित बच्चों के समुचित उपचार, पोषण एवं देखभाल की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट एवं सेवाओं की समीक्षा आवश्यक है। प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करते बीडीओ।


