सीएम रोजगार सृजन योजना से जिले के युवाओं को मिल रहा है स्वरोजगार

भास्कर न्यूज|लोहरदगा राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत लोहरदगा जिले के बेरोजगार युवाओं और जरूरतमंद लोगों को स्वरोजगार का सुनहरा अवसर मिला है। इस योजना के माध्यम से जिले के कई लाभुकों को बोलेरो पिकअप, ट्रैक्टर, सवारी बोलेरो सहित अन्य व्यावसायिक वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उन्हें अब नियमित आय का साधन प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। लोहरदगा जिले में इस योजना का लाभ पाकर कई युवाओं ने परिवहन, कृषि व माल ढुलाई जैसे कार्यों की शुरुआत की है। इससे न केवल लाभुकों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। योजना के तहत लाभुकों को आसान शर्तों पर बैंक ऋण के साथ सरकार की ओर से 40 प्रतिशत अनुदान (सब्सिडी) भी प्रदान की जाती है। इससे लाभुकों पर आर्थिक बोझ कम पड़ता है और वे अपने व्यवसाय को मजबूती से शुरू कर पाते हैं। बोलेरो पिकअप व ट्रैक्टर मिलने से लाभुक अब गांव-देहात में कृषि कार्य, सामग्री ढुलाई और यात्री परिवहन जैसे कार्यों से अच्छी आमदनी कर रहे हैं। योजना के लाभुक रमेश उरांव, जिन्हें सीएमइजीपी के तहत बोलेरो पिकअप वाहन मिला है, उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मैं कई वर्षों से बेरोजगार था। किसी तरह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना से मुझे बोलेरो पिकअप मिला है। अब रोज काम मिल रहा है और महीने की नियमित आमदनी हो रही है। इसके लिए मैं सरकार का आभारी हूं। वहीं दूसरे लाभुक किसन उरांव, जिन्हें ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया है, ने बताया कि “पहले खेती के सीजन में दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब ट्रैक्टर मिलने से अपनी खेती के साथ-साथ गांव के अन्य किसानों का भी काम कर रहा हूं। इससे आमदनी बढ़ी है और गांव में मेरी पहचान भी बनी है। इसी तरह सवारी बोलेरो पाने वाले लाभुकों ने बताया कि अब वे ग्रामीण इलाकों में यात्री परिवहन का कार्य कर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को सुविधा मिल रही है और उन्हें रोजाना रोजगार प्राप्त हो रहा है। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा योजना के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र बेरोजगार युवाओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जिले में बेरोजगारी की समस्या को कम किया जा सके। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना लोहरदगा जिले में बेरोजगारों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना से जुड़े लाभुक अब आत्मनिर्भर बनकर न केवल अपने परिवार का भविष्य संवार रहे हैं, बल्कि जिले के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *