जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले शुरू होने से पहले ही सियासी घमासान शुरू हो गया है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी ने इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबला कराने के लिए खेल परिषद से सवाई मानसिंह स्टेडियम को किराए पर मांगा है। एडहॉक कमेटी के संयोजक जयदीप बिहाणी ने कहा- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने हमें इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले आयोजित करने की जिम्मेदारी दी है। ऐसे में अगर 15 फरवरी तक ऐसा नहीं किया तो 16 फरवरी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिलकर इस मुद्दे पर बात करूंगा। वहीं, खेल विभाग के सचिव नीरज कुमार पवन का कहना है कि खेल परिषद की निगरानी में ही जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले का आयोजन संभव है, एडहॉक कमेटी द्वारा नहीं है। जयदीप बिहाणी ने खेल विभाग के सचिव नीरज कुमार पवन को लेटर लिखा दरअसल, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के एडहॉक कमेटी के संयोजक जयदीप बिहाणी ने खेल विभाग के सचिव नीरज कुमार पवन को 10 फरवरी को लेटर लिखा है। इसमें उन्होंने बताया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी को जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबला आयोजित करने के लिए कहा है। ऐसे में 15 फरवरी तक जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी के हैंडओवर करें। ताकि इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले को लेकर स्टेडियम को तैयार किया जा सके। लेटर में उन्होंने बताया है कि एडहॉक कमेटी द्वारा जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग के हर मैच के आयोजन पर खेल परिषद को 20 लाख रुपए का भुगतान भी किया जाएगा। एडहॉक कमेटी के संयोजक जयदीप बिहाणी ने कहा- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने राजस्थान में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले का आयोजन करने की जिम्मेदारी राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को दी है। ऐसे में जिस तरह से पिछले 1 साल में राजस्थान में रणजी लेकर अन्य खेल गतिविधियों का आयोजन एडहॉक कमेटी की देखरेख में किया गया है। इसी तरह इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले का आयोजन भी एडहॉक कमेटी की देखरेख में होना चाहिए। इसको लेकर मैंने खेल विभाग के सचिव को लेटर लिखा है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि 15 फरवरी तक एडहॉक कमेटी को जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम हैंड ओवर कर दिया जाए। ताकि इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले की तैयारी शुरू हो सके। अगर खेल विभाग ने समय रहते ऐसा नहीं किया तो 16 फरवरी को मैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी से मिल इस मुद्दे पर अपनी बात रखूंगा। खेल विभाग के सचिव नीरज कुमार पवन ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले को लेकर जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में तैयारियां शुरू कर दी गई है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के पास फिलहाल किसी तरह का अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम नहीं है। जहां इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले का आयोजन हो सके। इसके साथ ही उनका खेल परिषद के साथ किसी तरह का एमओयू भी नहीं है। ऐसे में खेल परिषद की निगरानी में ही जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले का आयोजन संभव है, एडहॉक कमेटी द्वारा नहीं है। अभी तक एडहॉक कमेटी की ओर से कोई लेटर नहीं मिला है। राजस्थान रॉयल्स के वाइस प्रेसिडेंट राजीव खन्ना ने कहा- इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले को लेकर जयपुर में तैयारियां शुरू कर दी गई है। ऐसे में खेल परिषद या फिर राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी में से कौन इस बार की मेजबानी करेगा। इसको लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से जो भी निर्देश मिलेंगे। उसे फॉलो किया जाएगा। फिलहाल स्टेडियम को लेकर राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का कोई एमओयू भी नहीं है। ये भी पढ़ें IPL में स्टेडियम से 50-मीटर दूर बिल्डिंग का टिकट लगेगा:जयपुर में सीट बढ़ाने के लिए 2 भवन की छत का उपयोग होगा जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) स्टेडियम में मार्च महीने में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले होने जा रहे हैं। इसको लेकर सरकार ने अपने स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। खेल विभाग की ओर से इस बार जयपुर में IPL राजस्थानी थीम पर होगा। पूरे स्टेडियम को प्लास्टिक मुक्त रखा जाएगा। पहली बार एसएमएस स्टेडियम परिसर के अंदर और बाहर बने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एकेडमी बिल्डिंग और खेल भवन की छत के भी टिकट दिए जाएंगे। यह बिल्डिंग्स स्टेडियम से करीब 50 मीटर दूर है। (पूरी खबर पढ़ें)


