गंदा पानी गलियों में, 3 कॉलोनियों के लोगों ने नारे लगाकर प्रशासन का पुतला फूंका

भास्कर न्यूज | जालंधर वार्ड 84 के अंतर्गत आते ईसा नगर, गुरु नानक नगर और सूरानुस्सी रोड के निवासियों का सीवरेज की गंभीर समस्या को लेकर सब्र का बांध सोमवार को टूट गया। 30 जनवरी को प्रशासन को दी गई चेतावनी के बावजूद समाधान न होने पर आज सुबह 11:30 बजे सूरानुस्सी रोड पर मोहल्ला निवासियों द्वारा आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री और मेयर का पुतला फूंका गया और जमकर नारेबाजी की गई। गौरतलब है कि सब्जी मंडी डिस्पोजल तक जाने वाली मेन सीवरेज लाइन की साल 2010 के बाद से सफाई नहीं हुई है। सफाई न होने के कारण लाइन पूरी तरह ब्लॉक हो चुकी है, जिसकी वजह से सारा गंदा और बदबूदार पानी गलियों में जमा है और लोगों का जीना नर्क समान हो गया है। पार्षद नीरज जस्सल ने बताया कि उन्होंने कई बार जेई गगनदीप और एसडीओ गगन को इस बारे सूचित किया, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण जनता को यह उग्र कदम उठाना पड़ा। दूसरी ओर, एसडीओ गगन ने इस बाबत स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि मकसूदां में कूड़े के डंप के पास सीवरेज मैनहोल का ढक्कन टूटने की वजह से उसमें भारी मात्रा में कूड़ा जमा हो गया था, जिससे ब्लॉकेज हुई है। निगम के मुलाजिम काम पर जुटे हुए हैं और कल तक इसका समाधान कर दिया जाएगा। इस प्रदर्शन के दौरान पार्षद नीरज जस्सल, अनीता अग्रवाल, सौरव अग्रवाल, जसपाल सिंह, लखविंदर सिंह, जोगा सिंह, सुखदेव सिंह, सुरजीत सिंह, हरभजन सिंह, जरनैल सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। मोहल्ला निवासियों ने स्पष्ट किया कि यदि तुरंत पानी की निकासी नहीं की गई, तो नगर निगम प्रशासन के खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *