इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में लगी आग, सामान जले

भास्कर न्यूज | जांजगीर अकलतरा स्थित बंटी इलेक्ट्रॉनिक दुकान के गोदाम में सोमवार सुबह आग लग गई। घटना में गोदाम में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। आग का कारण शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बंटी इलेक्ट्रॉनिक के संचालक ने यह गोदाम किराए पर लिया था, जहां बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा गया था। सोमवार की सुबह करीब 7 बजे गोदाम से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही मिनटों में पूरा सामान इसकी चपेट में आ गया। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह बुझाया। बता दें कि कुछ दिन पहले बलौदा में भी एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस हादसे में दुकान संचालक का बेटा दुकान के भीतर फंस गया था, जिसकी मौत हो गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *