सतना जिले में स्थित मझगवां वन परिक्षेत्र में वन्य जीवों की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार रात को प्रस्तावित टाइगर रिजर्व में एक तेंदुआ गाय का शिकार करते हुए देखा गया। घटना धारकुंडी आश्रम के पास अमुवा-मानिकपुर मार्ग की है। एक राहगीर ने अपनी गाड़ी की हेडलाइट में तेंदुए को देखा और उसका वीडियो बना लिया। वीडियो में तेंदुआ करीब 15 मिनट तक सड़क किनारे अपने शिकार के साथ खड़ा रहा और फिर नजदीकी जंगल की तरफ चला गया। इस क्षेत्र में वन्य जीवों की उपस्थिति का यह पहला मामला नहीं है। पिछले सप्ताह ही इसी वन क्षेत्र के सरभंगा आश्रम और मिचकुरिन में दो बाघों को देखा गया था। वन विभाग के अधिकारी लगातार क्षेत्र के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।


