भास्कर न्यूज | अमृतसर जमानत मिलने के बाद अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पहली बार सोमवार को 7 माह बाद शहर में पहुंचे। निर्धारित समय शाम 4.15 बजे की बजाय मजीठिया सवा 3 घंटे लेट पहुंचे। गोल्डन गेट जहां मजीठिया के स्वागत के लिए समर्थकों ने स्टेज लगाई थी वहां 200 मीटर जाने में उन्हें 15 मिनट में लग गए। जैसे ही मजीठिया स्टेज पर पहुंचे तो पीछे बने मकान की छत से आतिशबाजी की जाने लगी। मजीठिया बोले- पटाखे बंद करो कोई जंग जीत कर यहां नहीं पहुंचे हैं बल्कि समर्थकों का शुकराना करने स्टेज पर आए हैं। खैर.. स्टेज पर पहुंचते ही मजीठिया ने मूंछों पर ताव देते हुए मुख्यमंत्री मान को ललकारते हुए अपनी स्पीच शुरू की। 25 मिनट के स्पीच में से 20 मिनट उन्होंने प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष तौर पर सीएम मान को ही निशाना बनाया। हालांकि उन्होंने मुख्यमंत्री का नाम पूरी स्पीच में एक बार ही लिया लेकिन 20 बार जुगनू कहकर पुकारा। उन्होंने 2 बार अरविंद केजरीवाल का नाम भी स्टेज से लिया उन्होंने कहा कि पंजाब वासी दिल्ली वाले इन लुटेरा को दोबारा सत्ता में नहीं आने देंगे। मजीठिया ने अमृतसर पहुंचते ही सीएम भगवंत मान को तानाशाह सद्दाम हुसैन बता िदया। शिअद नेता ने कहा कि तानाशाह मान का अंत अब समीप है। मान जितने भी अत्याचार कर लें लेकिन शिअद ईंट का जवाब पत्थर से देकर आगामी विधानसभा चुनाव में आप का बोरी बिस्तर गोल कर देगा। मुख्यमंत्री को यहां से भगाकर दिल्ली भेजा जाएगा। मजीठिया ने मुख्यमंत्री को जुगनू नाम देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री इस समय बौखलाहट में हैं। इसलिए अब मौन धारण करके बैठे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और मान यानी रंगा-बिल्ला को संदेश दे दे कि उन्हें ऐसी जगह भगाया जाएगा कि वह पंजाब की धरती पर पैर रखने का नाम भी नहीं लेंगे। स्टेज पर पार्टी के शहरी प्रधान सुरजीत सिंह पलवान, देहाती प्रधान राजेंद्र सिंह राजा, पूर्व मंत्री गुलजार सिंह रानीके ने भी उनका स्वागत किया। जब मजीठिया पैदल स्टेज पर जा रहे थे तो 15 मिनट ट्रैफिक जम रहा क्योंकि स्वागत को करीब 800 वर्कर सड़क पर ही खड़े हो गए थे। पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत सिंहचीमा भी मजीठिया के साथ गुरुनगरी पहुंचे थे मगर वह गाड़ी से नहीं उतरे।


