शुभेंदु शुक्ला | अमृतसर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर लोगों को बेहतर सहूलियतें न मिल पाने के कारण एएसआर स्मार्ट सिटी लिमिटेड 3 माह का यूजर चार्जेस नहीं लेगी। हालांकि जनवरी से बढ़े रेट से यूजर चार्जेस लेगी जिसे लेकर लिस्ट फाइनल हो चुकी है। सबसे पहले 11 फरवरी से 3 जोनों नॉर्थ-ईस्ट और वेस्ट में टीमें पीओएस मशीन से यूजर चार्ज लेना शुरू करेगी। जहां नॉर्मल घरों से पहले 50 रुपए यूजर चार्जेस लिया जा रहा था अब 79 रुपए लिया जाएगा। बता दें कि 50 से लेकर 200 स्क्वेयर मीटर एरिया में बने घरों से लेकर, होटल-रेस्टोरेंट, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, इंडस्ट्रीज, ढाबों, मैरिज पैलेस व अन्य से कूड़ा उठान की लिस्ट फाइनल की गई है। कंपनी ने चार्जेस लेने के वार्डवाइज सुपरवाइजर व मुलाजिम लगा दिए हैं। वहीं, वेस्ट-सेंट्रल जोन में 6 वार्ड अभी कंपनी कवर नहीं कर पाई है। ऐसे में कूड़ा उठाने के लिए गाड़ियां नहीं पहुंचने पर यूजर चार्जेस नहीं लेगी। हालांकि, अगले हफ्ते तक सभी 85 वार्डों में घरों से कूड़ा उठान के लिए गाड़ियां पहुंचने लगेंगी। पीओएस मशीन में हाउस नंबर से यूजर चार्जेस की स्लिप निकलेगी। जिसमें एग्जेक्ट अमाउंट, कंपनी की डिटेल होगी। एक्सिस बैंक की पीओएस मशीन से निकलने वाली स्लिप मान्य होगी। ऐसे में लोगों को जागरूक भी किया जाएगा कि रसीद लेने के बाद ही कूड़ा उठाने के लिए यूजर चार्जेस देंगे। ताकि कोई दूसरा अवैध वसूली करके नहीं चला जाए। यदि चार्जेस वसूलने के लिए कोई रसीद काटता है तो कंपनी की तरफ से जारी हेल्पलाइन नंबर 1800-203-5850 पर शिकायत कर सकेंगे। अथवा घरों के बाहर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करके कूड़े से रिलेटेड कोई भी जानकारी-सुझाव और शिकायत कर सकते हैं। दरअसल, यूजर चार्जेस इतना अधिक इसलिए बढ़ गया क्योंकि 5 साल तक कोई वृद्धि नहीं हुई थी। साल 2019 में निगम हाउस ने मता पास किया था कि हर साल 5 फीसदी यूजर चार्ज बढ़ाया जाएगा। निगम ने चार्ज बढ़ाने का यह नियम 2020 से लागू किया है मगर पिछली कंपनी के काम ढंग से न करने की वजह से यूजर चार्जेस नहीं बढ़ाए गए थे।


