रीवा के रास्ते प्रयागराज महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं से नगर निगम सीमा में एंट्री के नाम पर अवैध वसूली होती थी। जिस पर अब नगर निगम कमिश्नर सौरभ सोनवड़े ने एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक एक ओर जहां पूरा सरकारी तंत्र श्रद्धालुओं की आवभगत में लगा हुआ था, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम सीमा में एंट्री के नाम से श्रद्धालुओं के वाहनों से अवैध वसूली की जा रही थी। जिसकी खबर भास्कर द्वारा प्रमुखता से दिखाई गई थी। जिसका असर हुआ है और नगर निगम कमिश्नर ने वसूली कर रहे व्यक्ति के ऊपर एफआईआर के निर्देश दिए हैं। टैंपो टैक्सी के नाम से श्रद्धालुओं से की जा रही थी अवैध वसूली नगर निगम कमिश्नर सौरभ संजय सोनवड़े ने बताया कि 2 दिन पहले सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला था कि नगर निगम के नाम पर प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं से अवैध वसूली की जा रही थी। जिसके बाद संबंधित संविदाकार का ठेका निरस्त कर दिया गया है। पहले भी इसका ठेका निरस्त किया गया था लेकिन हाईकोर्ट से स्टे ले लिया था। जिसका 2 दिन पहले कोर्ट से स्टे भी कैंसिल कर दिया गया है। अब नगर निगम द्वारा अवैध वसूली कर रहे संविदाकार का ठेका निरस्त कर निविदा निकालने की कार्यवाही की जा रही है। जहां अब अवैध वसूली पूरी तरह से बंद हो चुकी है। नगर निगम महापौर अजय मिश्रा बाबा ने बताया कि शहर की अवैध वसूली पूरी तरह से बंद है। सिर्फ हाथ ठेला व्यापारियों से 800 रुपए एकमुश्त राशि लेकर उनका रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। बाकी किसी से कोई अतिरिक्त राशि नहीं ली जाती है।


