व्यापारियों के अवकाश के बावजूद चलती रही मंडी, ज्यादा किसान आए, खरीदारों को मिली ताजी सब्जी

फरवरी से प्रत्येक सोमवार को व्यापारियों ने अवकाश घोषित किया है। इसके बाद दूसरे सोमवार को भी मंडी में किसानों ने दुकानें लगाईं। ताजी सब्जियां बेचीं। खरीदार भी खूब आए। ताजी सब्जियों के कारण किसानों ने अपने भाव पर सब्जियां दीं। लोगों को भाव ज्यादा लगे लेकिन उन्हें ताजी सब्जियां मिलने का संतोष भी था। तिलकगंज स्थित सब्जी मंडी में व्यापारियों ने प्रत्येक सोमवार को अवकाश रखने की घोषणा की है। इसमें किसानों को अपनी सब्जी बेचने की छूट है। यही कारण है कि व्यापारियों के अवकाश के बावजूद सोमवार को भी मंडी में सब्जियां मिल रही हैं। बस दुकानें बंद रहती हैं लेकिन किसानों के सुबह 4 बजे से ही आ जाने के कारण चहल पहल पहले की तरह हो रही है। सुबह- सुबह किसानों के आने से व सब्जी खरीदारों से मंडी में खूब भीड़ हो रही है। इस बार कुछ फुटकर दुकानें भी खुली नजर आईं। किसानों ने बताया कि बीते सोमवार को अवकाश की घोषणा की गई थी, किसान असमंजस में थे, इस कारण कम आए थे। बीते सोमवार को मंडी खुलने व सब्जी की बिक्री होने के बाद इस सोमवार को किसानों की संख्या लगभग दोगुनी रही। आम दिनों में ज्यादा रहे भाव : लोगों के मुताबिक आम दिनों में दुकानें ज्यादा होने व स्पर्धा होने के कारण भाव कम रहते हैं लेकिन सोमवार को केवल किसानों द्वारा सब्जियां बेचने के कारण भाव ज्यादा रहे। किसानों ने अपने स्तर पर भाव तय किए। टमाटर 20 से 30 रुपए किलो तक मिला। इसी तरह पालक, मैथी आदि के भाव 20 से 30 प्रतिशत तक ज्यादा रहे। हालांकि दिन चढ़ने व किसानों के लौटने के समय यह भाव कम हो गए। फल वाले भी लगाएंगे ठेले : किसानों के साथ अब फल बेचने वाले भी आने की तैयारी में हैं। गर्मी आते ही फल खराब होने शुरू हो जाते हैं ऐसे में उन्हें नुकसान हो सकता है। इस कारण फल व्यापारी भी किसानों की तरह सोमवार को अपनी दुकानें खोलने की तैयारी में हैं। इस संबंध में वे जल्द ही बैठक करके निर्णय कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *