महिला के चिल्लाने की आवाज… मुझे माफ कर दो:घर से कट्‌टा लेकर निकला युवक, स्कूटी पर रखते वक्त गिरा तो पड़ोसियों ने देखी लाश, पार्ट-1

अजमेर का 3 साल पुराना केस। 23 नवंबर 2022 को बुधवार का दिन था। सुबह के 11 बजे रहे थे। शहर के क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र के द्वारका नगर गली नंबर-4 स्थित एक घर से अचानक महिला के चिल्लाने की आवाज आनी शुरू हो गई। महिला गिड़गिड़ा रही थी- माफ कर दो। अब ऐसा नहीं करूंगी। फिर आवाज आनी बंद हो गई। कुछ समय बाद एक व्यक्ति घर से सफेद कट्‌टा (बोरी) लेकर बाहर निकला। युवक ने कट्टे को तिरपाल से लपेटकर रखा था। स्कूटी पर रखते वक्त कट्‌टे का मुंह खुल गया। कट्‌टे से बाल और महिला का मुंह दिखने लगा। युवक ने हड़बड़ाहट में कट्‌टे का मुंह बंद किया, लेकिन तब तक वहां मौजूद पड़ोसी महिला और अन्य लोगों ने देख लिया था। युवक ने कट्‌टे को स्कूटी पर रखा और चला गया। लोगों ने क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। तत्कालीन सीओ छवि शर्मा और थाना प्रभारी अरविंद चारण टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। वहां लोगों से पूछताछ की। लाश देखने के बाद से आसपास के लोग घबराए हुए थे। तभी लोगों ने घर की तरफ इशारा करते हुए बताया कि एक व्यक्ति निकला था। उसके पास एक कट्टा था। कट्‌टे को वह स्कूटी पर रखकर अपने साथ ले गया। कट्टे में उन्होंने एक लाश देखी थी। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने घर का ताला तोड़कर खोला तो खून के निशान मिले। तुरंत मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। कुछ घंटे बाद वही युवक अपने घर की तरफ आया। पुलिस व लोगों की आवाजाही को देखकर तुरंत वहां से निकल गया। इधर, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीसीटीवी चेक करना शुरू किया। फुटेज में युवक स्कूटी पर कट्टा ले जाते हुए दिखाई दिया। एक दूसरे फुटेज में वह वापस आता दिखा। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी चेक करते हुए युवक का पीछा किया। कुछ घंटे बाद युवक को बस स्टैंड के पीछे डीआरएम ऑफिस के सामने सुनसान जगह से पकड़ लिया गया। इससे पहले वह एसपी ऑफिस में भी घूमता देखा गया था। पुलिस युवक को पकड़ कर थाने लाई। सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी के घर को तुरंत सील किया। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घर के अंदर से सबूत जुटाए। यहां टीम को दो चाकू बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिए। मौके पर एफएसएल टीम से निरीक्षण करवा कर फोटोग्राफी करवाई गई। खून के सैंपल लिए गए। कल राजस्थान क्राइम फाइल्स, पार्ट -2 में पढ़िए इन सभी सवालों के जवाब…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *