पुलिस लाइन मैदान में आवासीय भवन बनाने के प्रस्ताव से नगरवासी नाराज

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर पुलिस लाइन मैदान अंबिकापुर के पश्चिमी हिस्से में पुलिस विभाग द्वारा आवासीय भवन निर्माण के प्रस्ताव को लेकर खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों में असंतोष देखने को मिल रहा है। गौरी वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद विकास पाण्डेय ने इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज को पत्र लिखकर निर्माण स्थल परिवर्तन की मांग की है। पार्षद पाण्डेय ने कहा कि पुलिस लाइन मैदान में बौरीपारा सहित आसपास के पांच वार्डों के सैकड़ों खिलाड़ी वर्षों से अभ्यास करते आ रहे हैं। यहां न केवल स्थानीय युवा बल्कि पुलिस विभाग के कर्मचारी और उनके बच्चे भी नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेते हैं। इस मैदान से जिले और नगर का नाम राज्य स्तर तक रोशन हुआ है। पत्र में कहा कि यदि मैदान के बीचो-बीच पुलिस आवासीय भवन का निर्माण किया गया तो मैदान का क्षेत्रफल कम हो जाएगा, जिससे खेल प्रतियोगिताओं और अभ्यास पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। साथ ही आवासीय भवन में रहने वालों को भी खिलाड़ियों की गतिविधियों से परेशानी हो सकती है। पार्षद ने सुझाव दिया है कि पुलिस लाइन परिसर में ही अन्य वैकल्पिक स्थान उपलब्ध हैं, जैसे पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर के सामने, पुराने निरीक्षक आवास, महिला थाना के पीछे अथवा उसके दक्षिण दिशा में, जहां भवन बनाया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों के भविष्य को देखते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *