भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट सातवें दिन सोमवार को साउथ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट दुर्गापुर, पश्चिम बंगाल और दिल्ली पुलिस के बीच खेला गया रोमांचक फुटबॉल मुकाबला दर्शकों के लिए यादगार बन गया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में दुर्गापुर और दिल्ली पुलिस की टीमों ने कई अच्छे मौके बनाए, लेकिन मजबूत डिफेंस और गोलकीपरों के शानदार प्रदर्शन के चलते मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी और स्कोर 0-0 रहा। मध्यांतर के बाद दुर्गापुर की टीम और अधिक आक्रामक नजर आई। मैच के 65वें मिनट में दुर्गापुर के जर्सी नंबर 15 ने शानदार मैदानी गोल दागते हुए अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने बराबरी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, लेकिन दुर्गापुर का डिफेंस चट्टान की तरह खड़ा रहा। मैच के अंतिम चरण में खेल और भी तेज हो गया। दिल्ली पुलिस के एक खिलाड़ी के खतरनाक खेल के कारण दुर्गापुर को पेनल्टी मिली। इस मौके को दुर्गापुर के जर्सी नंबर 6 ने भुनाया और सटीक पेनल्टी गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद 87वें मिनट में दुर्गापुर के जर्सी नंबर 10 ने बेहद शानदार गोल करते हुए अपनी टीम को 3-0 की अजेय बढ़त दिला दी। हालांकि दिल्ली पुलिस की टीम ने हार नहीं मानी और पलटवार करते हुए जर्सी नंबर 10 ने एक सुंदर मैदानी गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया, लेकिन समय कम होने के कारण वे मैच में वापसी नहीं कर सके, लेकिन मैच के अंतिम मिनट में दिल्ली के खिलाड़ियों ने दम लगाया और जर्सी नंबर 6 ने शानदार गोल मार कर स्कोर 3/2 कर दिया। निर्धारित समय की समाप्ति पर दुर्गापुर ने यह मुकाबला 3-2 से अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में दुर्गापुर की मजबूत रक्षापंक्ति का अहम योगदान रहा। शानदार डिफेंस के लिए दुर्गापुर के जर्सी नंबर 3 हेमंत को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया। आज चेन्नई और यूपी की टीम के बीच होगा मुकाबला मंच पर स्थानीय विधायक भइया लाल राजवाड़े, बैकुंठपुर जीएम बीएन झा उपस्थित रहे। मैच देखने बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में मौजूद रहे और खेल के रोमांचक पल का आनंद उठाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। मैच के मुख्य निर्णायक विशाल कुमार थे और सहायक निर्णायक प्रफुल्ल कुमार समेत भारत कुमार ने अपनी भूमिका निभाई, जबकि चौथे अधिकारी आशीष तिवारी रहे। मैच कमिश्नर की जिम्मेदारी अनिल कैचर ने निभाई। मंगलवार को ज्वाय यूनिवर्सिटी चेन्नई ओर यंग हीरोज बनारस यूपी के बीच खेला जाएगा।


