मंडला जिले के दानिटोला धान खरीदी केंद्र में धान कम पाए जाने के मामले में समिति के प्रशासक, प्रबंधक सहित 7 कर्मचारियों के विरुद्ध घुघरी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। जांच में 77.63 लाख रुपए मूल्य की 3277 क्विंटल धान की कमी पाई गई थी। आदिम जाति सहकारी समिति दानिटोला द्वारा राजलक्ष्मी वेयरहाउस परिसर में दो धान उपार्जन केंद्र संचालित किए जा रहे थे। शिकायत मिली थी कि खरीदी का आधिकारिक पोर्टल बंद होने के बावजूद इन केंद्रों पर धान की तुलाई जारी थी और हजारों क्विंटल धान खुले में पड़ा था। शिकायत मिलने के बाद जिला आपूर्ति विभाग ने दानिटोला खरीदी केंद्र की जांच कराई। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रश्मि गौतम द्वारा की गई जांच में यहां गंभीर गड़बड़ी उजागर हुई। जांच में 3277 क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 77.63 लाख रुपए बताई गई। जांच प्रतिवेदन जिला आपूर्ति अधिकारी को प्रस्तुत किया गया। इन पर हुई कार्रवाई जिला आपूर्ति अधिकारी के निर्देश पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी बिछिया रश्मि गौतम द्वारा समिति प्रशासक शशि ठाकुर, समिति प्रबंधक हितेश कुडापे, खरीदी प्रभारी समारू सिंह उइके, कंप्यूटर ऑपरेटर सुनील नेताम, सुखमेन मार्को, सर्वेयर सुभाष परतेती और केशव अहिरवार के विरुद्ध घुघरी थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल ने बताया कि दानिटोला धान खरीदी मामले में 7 कर्मचारियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 3(5), 316(5) और 318 (4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की विवेचना जारी है।


