गुना नगरपालिका द्वारा आयोजित हॉकी टूर्नामेंट में गुना विधायक को न बुलाने पर राजनीति गरमा गई है। भाजपा के बजरंगगढ़ मंडल अध्यक्ष ने सोशल मीडिया के जरिए सवाल उठाया है। उन्होंने लिखा कि विधायक का अपमान विधानसभा और सरकार का अपमान है। बता दें कि लगभग 9 साल बाद नगरपालिका द्वारा स्व लाल बहादुर शास्त्री स्मृति हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन 2 से 8 फरवरी तक किया गया था। 2 फरवरी को हुए उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पन्नालाल शाक्य शामिल हुए थे। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और जिला अध्यक्ष को बुलाया
8 फरवरी को हुए समापन में मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया को बनाया गया था। वहीं समापन समारोह की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविन्द गुप्ता को करनी थी। समापन कार्यक्रम का आमंत्रण पत्र भी जारी किया गया। यह आमंत्रण पत्र नगरपालिका के समस्त पार्षदों की ओर से था। रविवार को आयोजित समापन समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा किन्हीं कारणों से शामिल नहीं हुए। जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार मुख्य अतिथि और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया विशिष्ट अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। दोनों पदाधिकारियों ने अपनी बात भी रखी। विधायक को नहीं बुलाने पर उठे सवाल सोमवार को भाजपा बजरंगगढ़ मंडल अध्यक्ष मुनेश धाकड़ ने सोशल मीडिया के जरिए विधायक को न बुलाने पर सवाल उठाया। मंडल अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर लिखा – मंजूषा खत्री मुख्य नगरपालिका अधिकारी गुना के द्वारा स्वर्ण कप हॉकी टूर्नामेंट कराया गया, जिसमे समापन समारोह रखा गया था। यह गुना विधायक पन्नालाल शाक्य की विधान सभा है। उन्हेोंने आगे लिखा – नगर पालिका में कोई कार्यक्रम होता है, जिसमें विधायक कोई सूचना नहीं दी जाती। नगर पालिका एक ईमानदार विधायक को दरकिनार कर रही है क्या उचित है। या नगरपालिका में हो रहे भ्रष्टाचार पर विधायक के द्वारा नगरपालिका अधिकारी को बार बार समझाइश का नतीजा है। नगरपालिका अधिकारी आगे ध्यान रखें, यह गुना विधायक का अपमान नहीं विधान सभा का अपमान है, हमारी सरकार का अपमान है। जनप्रतिनिधियों का अपमान न गुना की जनता सहेगी न सरकार।


