मंडी के शिवरात्रि महोत्सव में 800 जवान संभालेंगे सुरक्षा:शहर को 6 सेक्टरों में बांटा गया; पुलिस CCTV से रखेगी निगरानी

हिमाचल प्रदेश के मंडी में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा 800 जवानों के हवाले रहेगा। मंडी शहर को छह सेक्टरों में बांटा गया है और हर कोने पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर को छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव एक बड़ा आयोजन है, जिसके लिए मंडी पुलिस ट्रैफिक प्लान पर भी काम कर रही है। यह प्लान जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। एसपी विनोद कुमार की प्राथमिकता—नशा तस्करी पर सख्त कार्रवाई एसपी विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें हाल ही में मंडी पुलिस की कमान सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता चिट्टे जैसे नशीले पदार्थों के तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाना रहेगी। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा ताकि किसी की जान न जाए। लोगों से यातायात नियमों के पालन की अपील एसपी ने कहा कि पुलिस का काम केवल चालान काटना नहीं है, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की और कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही सुरक्षित वातावरण बनाया जा सकता है। 16 से 22 फरवरी तक सजेगी छोटी काशी इस बार मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 16 से 22 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंडी पुलिस और प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियां कर रहे हैं। पूरे शहर में रंग-रोगन का कार्य चल रहा है और छोटी काशी को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों के स्वागत के लिए मंडी पूरी तरह तैयार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *