छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तापमान में गिरावट देखी गई है। 7 दिनों में पारा 8 डिग्री तक गिर गया है। इससे लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है। पिछले सोमवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन इस सोमवार रात को न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री पर पहुंच गया। पिछले कुछ दिनों से दिन में भी मौसम ठंडा है। हल्की ठंडी हवाएं चल रही हैं। दोपहर के समय तेज धूप से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिलती है, लेकिन सूर्यास्त के बाद ठंड बढ़ जा रही है। ऐसे में जिन सड़कों पर रात तक भीड़ रहती थी, वे भी अब सुनसान हो रही हैं। लोग कान और शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर बाहर निकल रहे हैं। शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड अधिक बताया जा रहा है कि ग्रामीण इलाकों में शहर से दोगुनी ठंड पड़ रही है। धरमजयगढ़, कापू, लैलूंगा, छाल के इलाके घने जंगलों और पहाड़ों से घिरे हैं। ऐसे में इन इलाकों में सुबह से लेकर रात तक ठंड बनी हुई है। देर रात तापमान में 2 डिग्री से ज्यादा की गिरावट देखी गई। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसके बाद बुधवार से तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है और 21 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।


