हिमाचल CM का नेता-प्रतिपक्ष पर जुबानी हमला:बोले-जयराम सरकार ने वित्तीय कुप्रबंधन किया, 54 हजार करोड़ RDG मिली, फिर भी एरियर-कर्ज नहीं चुकाया

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर जुबानी हमला बोला। आज दिल्ली रवाना होने से पहले शिमला में मीडिया से बातचीत में सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के लोगों के अधिकारों के लिए लड़ रही है और जयराम ठाकुर कुर्सी की लड़ाई में व्यस्त है। सीएम ने आंकड़ों के साथ कहा कि पूर्व BJP सरकार में हिमाचल को 2018-19 से कांग्रेस की सरकार बनने तक 54 हजार 256 करोड़ रुपए रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) में मिले।16 हजार करोड़ जीएसटी कंपनसेन के रूप में आया। फिर भी न तो कर्ज चुकाया और न ही कर्मचारियों का छठे वेतनमान का 10 हजार करोड़ रुपए का एरियर दिया। सीएम सुक्खू ने कहा कि जयराम ठाकुर ने सत्ता में बने रहने के लिए 5000 करोड़ रुपए की मुफ्त रेवड़ियां बांटी। करोड़ों रुपए अपने दोस्तों-ठेकेदारों और बिल्डिंग बनाने पर खर्च किए। अब केंद्र ने जब RDG बंद की है तो प्रदेश का साथ देने के बजाय कांग्रेस सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप विपक्ष लगा रहा है। सीएम सुक्खू ने कहा कि तीन साल में कांग्रेस सरकार को RDG में 17 हजार करोड़ रुपए मिले, GST कंपनसेशन में एक भी रुपया नहीं आया। फिर भी कांग्रेस सरकार ने किसी के सैलरी-पेंशन नहीं रोकी। कोई कल्याणकारी योजना बंद नहीं होने दी। कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम भी दी। उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर पर पलटवार करते हुए कहा कि वित्तीय कुप्रबंधन जयराम सरकार ने किया है। ‘प्रदेश हित में सबको आवाज उठानी चाहिए’ सीएम सुक्खू ने कहा कि दुख है कि जयराम ठाकुर ने पहले कहा कि उन्हें ऑल पार्टी मीटिंग में बुलाया नहीं गया। उसके दूसरे दिन वित्त सचिव की चिट्ठी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में सभी दलों को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। सुक्खू ने साफ कहा, “हिमाचल कभी भी रेवेन्यू सरप्लस स्टेट नहीं हो सकता। ऐसे में केंद्र से मिलने वाली आरडीजी हमारे लिए बेहद जरूरी है। यह राज्य के बजट का करीब 15 फीसदी हिस्सा है।”
सीएम ने स्पष्ट किया कि गरीबों की कोई भी योजना बंद नहीं करेंगे। अपने संसाधनों से स्कीमें चालू रहेगी। पेंशन और वेतन भी बंद नहीं होने देंगे। भाजपा लोगों को गुमराह कर रही है।” उन्होंने कहा कि वित्त विभाग ने जरूर ट्रैजरी को देखते हुए बात रखी है। पीएम से मिलने का मांगा समय सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अभी संसद में व्यस्त है। वह प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपने हक की बात रखेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने का वक्त मांग रखा है। सीएम ने कहा कि आज वह कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली जा रहे हैं। इस दौरान वह केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी मिलने की कोशिश करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *