अमेरिका में गणतंत्र दिवस पर राजस्थान की कालबेलिया कला का प्रदर्शन करने वाली फेमस लोक कलाकार सेनू सपेरा को सोमवार को जोधपुर कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने अपने चैंबर में सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस पर जोधपुर-फलोदी दोनों जिलों में सेनू के नाम को लेकर कॉल किया गया था, लेकिन अमेरिकी टूर की वजह से उन्हें ये सम्मान बाद में मिला। सेनू की कर्मभूमि जोधपुर और जन्मभूमि फलोदी (पहले ओसियां का पली गांव) दोनों जगह प्रशासन ने उनका सम्मान किया। फलोदी में विधायक पब्बा राम बिश्नोई की सिफारिश पर कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने सम्मान दिया, जो सुमन कालबेलिया ने लिया। जोधपुर में राज्यसभा सदस्य राजेंद्र गहलोत की सिफारिश पर कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल के हाथों उन्हें सम्मानित किया जाना था, लेकिन अमेरिका में होने के कारण उन्हें अब कलेक्टर ने सम्मान दिया। इस दौरान ADM सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित और सामान्य प्रशासन विभाग के चंद्र प्रकाश गुर्जर भी मौजूद रहे। दुनिया भर में कालबेलिया का डंका पारंपरिक नृत्य में माहिर सेनू देश-विदेश घूमकर राजस्थान की संस्कृति फैला रही हैं। उन्होंने अमेरिका के ग्वाटेमाला में गणतंत्र दिवस पर प्रस्तुति दी। इस दौरान अमेरिका इवेंट में अलसी सपेरा, पिंटू कालबेलिया, दिलीप नाथ, ओमनाथ, गोविंद सोलंकी, कासिम खान, साबिर, अलाउद्दीन और अयूब खान भी थे। इस मौके सेनू ने कहा कि जिले के इतिहास में पहली बार किसी कलाकार को दो जिलों से एक साथ सम्मान मिलना गर्व की बात है। उसके लिए जिला प्रशासन ओर जनप्रतिनिधियों का आभार।


