अलवर में शोरूम के बाहर से बाइक चोरी,VIDEO:लॉक तोड़कर पांच सेकेंड में उठा ले गया बदमाश, बोलेरो खरीदने आया था पीड़ित

अलवर शहर के वैशाली नगर थाना इलाके के जेएस फोर व्हील्स शोरूम के मेन गेट के पास खड़ी एक बाइक को 5 सेकेंड में लॉक तोड़कर स्टार्ट कर ले गया। वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर पहले कुछ देर दूर खड़े होकर बाइक की रेकी करता रहा और आसपास की स्थिति का जायजा लेने के बाद मौका पाते ही तेजी से बाइक के पास पहुंचा है। इसके बाद वह कुछ ही सेकेंड में लॉक तोड़कर बाइक स्टार्ट कर मौके से फरार हो गया। शोरूम का गार्ड महज 20 मीटर की दूरी पर मौजूद था, इसके बावजूद चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। बोलेरो कार खरीदने आया था पीड़ित इस संबंध में परिवादी सलेम खान निवासी गांव इच्छाका, किशनगढ़ बास ने बताया कि वह 6 फरवरी को अलवर स्थित जेएस फोर व्हील्स शोरूम में नई बोलेरो कार खरीदने के लिए आया था। दोपहर करीब डेढ़ बजे उसने अपनी स्प्लेंडर बाइक शोरूम के गेट के पास खड़ी की, जहां पहले से कई अन्य बाइक खड़ी थीं। इसके बाद वह शोरूम के अंदर गाड़ियां देखने चला गया। जब कुछ देर बाद बाहर लौटा तो उसकी बाइक मौके से गायब मिली। सीसीटीवी में दिखा चोर बाइक चोरी होने के बाद शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति बाइक चोरी करते हुए नजर आया। पीड़ित ने बताया कि बाइक उसने पिछले साल ही खरीदी थी। घटना के बाद सलेम खान ने वैशाली नगर थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *