सतना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पहाड़ीखेरा-कालिंजर स्टेट हाईवे पर दसमा मील के पास हुई। जानकारी के अनुसार, पहाड़ीखेरा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार (एमपी 19 सीबी 6289) ने सड़क किनारे पैदल चल रही बच्चियों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चालक वाहन सहित नागौद की ओर फरार हो गया। मृत बच्चियों की पहचान सोनम दहायत (12 वर्ष) पिता रमेश दहायत निवासी सिंहपुर दसमा मील और मोनवी दहायत (9 वर्ष) पिता महेश दहायत के रूप में हुई है। मोनवी डंडियां प्राथमिक विद्यालय में तीसरी कक्षा की छात्रा थी, जबकि सोनम पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी। बताया गया कि दोनों बच्चियां सुबह घर से साहू किराना दुकान टोस्ट खरीदने गई थीं। वापस लौटते समय वे इस हादसे का शिकार हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से कार की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी अजय अहिरवार ने बताया कि वाहन चालक को जल्द पकड़ लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


