डिंडोरी में सोमवार को दर्जनों ग्रामीण और स्थानीय किसान एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठे। वे जमीन धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सुबह दस बजे से रात दस बजे तक चले इस प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। तहसीलदार सुंदर लाल यादव ने उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद किसानों ने रात वीरांगना रानी दुर्गावती स्टेडियम में बिताई। वे आज सुबह फिर कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीण महिला सातिया बाई मरावी ने बताया कि शहपुरा निवासी विकास सोनी पर धोखाधड़ी का आरोप है। उनके अनुसार, विकास सोनी आधार कार्ड सुधरवाने के बहाने किसानों को आधार केंद्र लाता था और धोखे से उनकी जमीन अपने नाम पर रजिस्ट्री करवाकर बेच देता था। इस कार्य में रजिस्ट्री कार्यालय के अधिकारियों की मिलीभगत का भी आरोप है। किसानों ने बताया कि वे इस संबंध में कई बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सोमवार को वे एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा से मिलने आए थे, लेकिन जिला मुख्यालय में होने के कारण देर रात तक उनसे मुलाकात नहीं हो पाई। एक ग्रामीण महिला किसान ने बताया कि उन्हें इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब राजस्व विभाग के अधिकारी गांव में जमीन की गिरदावली करने पहुंचे। तब उन्हें मालूम हुआ कि उनकी जमीन किसी और के नाम पर दर्ज हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से फिर शिकायत की, लेकिन विकास सोनी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।


