दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र के गौरीशंकर वार्ड में सोमवार रात एक चौक समारोह के दौरान हुए विवाद में एक युवक पर तलवार से हमला किया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल हटा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायल लखन बंसल ने बताया कि सोमवार रात उनके बड़े भाई के घर बेटी होने पर चौक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उन्होंने राहुल बंसल को बाजे बजाने के लिए बुलाया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और राहुल ने उन पर तलवार से हमला कर दिया। तलवार लखन बंसल के गाल पर लगी, जिससे उन्हें गहरा घाव हो गया। विवाद का एक संभावित कारण शराबखोरी भी बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, घायल युवक कथित तौर पर शराब के नशे में था। हटा पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


