डीडवाना-कुचामन जिले की पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इनामी आरोपी विकास कड़वा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विकास कड़वा जिले में सक्रिय साइबर ठगी गिरोह का मास्टरमाइंड और मुख्य सरगना है।
वह आमजन के बैंक खातों का दुरुपयोग कर ठगी की रकम का लेनदेन करता था। आरोपी पिछले लगभग 5 महीने से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर 2,000 रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, अगस्त 2025 में बुड़सू चौराहे पर ऑनलाइन यूएसडीटी (USDT) के संदिग्ध लेनदेन की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। उस समय 3 आरोपी हरेन्द्र, मनीष और सुनील को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और नकदी बरामद हुई थी।
जांच में पता चला कि यह गिरोह भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था। इन खातों में साइबर ठगी की रकम मंगवाकर एटीएम, ई-मित्र कियोस्क व अन्य माध्यमों से निकासी की जाती थी। लोगों को लालच देकर फंसाते थे जाल में
जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से संपर्क करते थे। वे डिजिटल करेंसी के लेनदेन और फर्जी पार्ट-टाइम जॉब का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में विकास कड़वा को गिरोह का मुख्य संचालक बताया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने बताया कि विकास कड़वा युवाओं को महंगे शौक और त्वरित कमाई का लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाता था। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किया जाता था। आरोपी से गहन पूछताछ जारी है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और उसके पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास कड़वा पुत्र बंशीलाल (26), निवासी रामसरी, थाना डेगाना, जिला नागौर के रूप में हुई है।


