धारदार हथियारों के साथ 3 युवक गिरफ्तार:आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, हनुमानगढ़ पुलिस की कार्रवाई

हनुमानगढ़ पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से तीन युवकों को धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पहली गिरफ्तारी संगरिया थाना क्षेत्र में हुई। मंगल विहार कॉलोनी के गेट के पास गश्त के दौरान पुलिस ने परमजीत सिंह उर्फ गगन (29) निवासी वार्ड नंबर 12, ढाबा को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार हथियार बरामद हुआ, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसी क्रम में, संगरिया क्षेत्र में ही दूसरी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगल विहार कॉलोनी के नजदीक आम सड़क से कुलविंदर (31) निवासी रतनपुरा, संगरिया को भी पकड़ा। उसके पास से भी एक धारदार हथियार मिला। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूम रहे थे, जिससे आमजन में भय का माहौल बन सकता था। तीसरी गिरफ्तारी रावतसर क्षेत्र में की गई। टोपरिया से गोकुलपुरा रोड पर गश्त के दौरान पुलिस ने पवन उर्फ मोहनलाल (41) निवासी वार्ड नंबर 2, ढंढेला को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से भी एक धारदार हथियार बरामद हुआ, जिसके बाद उसे आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सभी गिरफ्तार आरोपियों से हथियार रखने के उद्देश्य को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि किसी आपराधिक मंशा या नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *