छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में प्रयागराज महाकुंभ से लौट रही टूरिस्ट बस और एक स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना NH-30 पर तारसगांव कटिंग लखनपुरी के पास गुरुवार रात की है। इसमें 7 लोग घायल हुए है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में गुरुवार को तीन अलग अलग सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी। रायगढ़ में कीर्तन सुनकर लौट रहे 2 युवकों को भारी वाहन ने कुचल दिया, कवर्धा में अज्ञात वाहन की टक्कर से 2 लोगों की मौत हो गई वहीं जांजगीर में हाइवा की टक्कर से 2 युवकों ने दम तोड़ दिया। टूरिस्ट बस में सवार यात्री आंध्र प्रदेश के थे एएसआई भाकेश पटेल के मुताबिक, टूरिस्ट बस में सवार यात्री प्रयागराज महाकुंभ में शामिल होकर आंध्र प्रदेश लौट रहे थे। दूसरी ओर, स्कॉर्पियो में सवार लोग जगदलपुर से रायपुर जा रहे थे, जहां उनके परिवार में किसी हादसे की खबर मिलने पर वे रवाना हुए थे। घायलों का इलाज जारी टूरिस्ट बस में सवार 15 यात्रियों में से 7 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें चारामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। स्कॉर्पियो में सवार प्रेम लाल मरकाम (55) की मौके पर ही मौत हो गई। वह सुकमा के छीनगढ़ का रहने वाला था। टूरिस्ट बस और स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़े टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टूरिस्ट बस के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्कॉर्पियो में सवार अन्य दो लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ……………………………………………………………. सड़क हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… महाकुंभ जा रहे CG के हेड-कॉन्स्टेबल,मां-बेटे समेत 7 की मौत:यूपी में हादसा, ट्रेलर से टक्कर के बाद उछलकर मकान में घुसी कार महाकुंभ जा रहे छत्तीसगढ़ के हेड-कॉन्स्टेबल रवि मिश्रा, मां उषा मिश्रा और बेटे अथर्व मिश्रा, ड्राइवर समेत 7 लोगों की यूपी में मौत हो गई। इलाज के दौरान मेड दुर्गा देवी ने भी दम तोड़ दिया। सोनभद्र में रविवार को तेज रफ्तार कार और ट्रेलर की आमने-सामने की टक्कर हुई थी। पढ़ें पूरी खबर….


