धनबाद के नावाडीह में बिरसा मुंडा पार्क के समीप महाकेश्वर कॉम्पलेक्स स्थित किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को पत्र के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी भरा यह पत्र क्लिनिक की आईसीयू के बाहर चिपका हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना 9 फरवरी की रात की बताई जा रही है। डॉ. मिहिर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि क्लिनिक के कर्मी असलम ने सबसे पहले आईसीयू के बाहर चिपका हुआ पत्र देखा। इसके बाद उसने पत्र की तस्वीर लेकर व्हाट्सऐप के जरिए डॉ. मिहिर को भेजी। सूचना मिलते ही डॉ. मिहिर तत्काल क्लिनिक पहुंचे, जहां उन्होंने खुद आईसीयू के बाहर वह धमकी भरा पत्र चिपका हुआ पाया। पत्र में हत्या की खुली धमकी, पुलिस अधिकारियों का भी जिक्र डॉ. मिहिर के अनुसार, पत्र में बेहद गंभीर और डराने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है। पत्र में लिखा गया है—“डॉक्टर, तुम्हारी किस्मत अच्छी है। उस दिन ग्रुप में होने की वजह से बच गए, नहीं तो गोली मार देता। जिस तरह नीरज की हत्या हुई है, उसी तरह मारूंगा। इसे हल्के में मत लेना। जितना जीना है, जी लो, 4 तारीख को मार दूंगा। एसपी या डीएसपी के पास जाओ, तुम्हें मरना पड़ेगा।” पत्र के नीचे अंग्रेजी में “kill” शब्द भी लिखा हुआ है। इस धमकी भरे पत्र को देखकर क्लिनिक कर्मियों में दहशत का माहौल है। डॉ. मिहिर का कहना है कि पत्र की भाषा से साफ है कि भेजने वाला व्यक्ति आपराधिक प्रवृत्ति का है। पूरी योजना के तहत डराने की कोशिश कर रहा है। दर्ज कराई गई एफआईआर, सुरक्षा की मांग डॉ. मिहिर कुमार ने धनबाद थाने में लिखित शिकायत देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने आशंका जताई है कि यह धमकी रंगदारी वसूली के उद्देश्य से दी गई हो सकती है। साथ ही उन्होंने पुलिस से अपने और क्लिनिक के कर्मचारियों की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि पत्र चिपकाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।


