श्रीगंगानगर में दर्दनाक सड़क हादसे में अबोहर के युवक की मौत हो गई। युवक बाइक पर सवार होकर जा रहा था इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से युवक सड़क पर ही गिर गया। इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रेक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना हिंदूमलकोट रोड पर गांव कालियां के बस अड्डे के पास की है। जहां अबोहर के पंचपीर मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय संजू हिंदूमालकोट की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई एक पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। दुर्भाग्यवश, उसी समय सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके पर रुका रहा, लेकिन ट्रैक्टर-ट्राली चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा पीछा किए जाने पर ट्रैक्टर-ट्राली चालक सीधा सदर थाने पहुंच गया। पुलिस ने मृतक के पिता मंगतराम की शिकायत पर दोनों वाहन चालकों के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


