प्रयागराज से श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या जा रहे टेम्पो ट्रैवलर की ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें फाजिल्का के ड्राइवर र्कशील (35) की मौत हो गई। हादसे से कुछ घंटे पहले ही उसने अपने दिव्यांग पिता को वीडियो कॉल पर प्रयागराज के दर्शन कराए थे। पंजाब के फाजिल्का जिले के सुरेशवाला गांव के रहने वाले तर्कशील के पिता हरपाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज और अयोध्या की यात्रा पर गया था। सुबह उसने वीडियो कॉल कर प्रयागराज के दर्शन कराए और रात को वापस आने की बात कही थी। लेकिन प्रयागराज से अयोध्या जाते समय रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे में एक श्रद्धालु की भी मौत हो गई, जबकि 9 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दिव्यांग हरपाल सिंह का तर्कशील इकलौता बेटा था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। मृतक अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गया है। परिवार के सदस्य शव को पंजाब लाने के लिए प्रयागराज गए हुए हैं। गांव में शोक की लहर है।


