कोटा शहर के भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र के स्टेशन इलाके में देर रात घायल अवस्था में मिले एक युवक को पुलिस ने एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक शराब के नशे में था और अधिक शराब पीने के कारण गिरकर घायल हुआ। घायल युवक की पहचान विनोद प्रजापति के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के गुना जिले का रहने वाला है। भीमगंज मंडी थाने के हरपाल सिंह यादव ने बताया कि देर रात सूचना मिलने पर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में पहुंची, जहां एक युवक घायल हालत में पड़ा मिला। उसे तत्काल एमबीएस हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करवाया गया। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, जिन्होंने बताया कि युवक अत्यधिक शराब पीने के कारण कई बार वहीं गिर गया था। उस समय युवक बयान देने की स्थिति में नहीं था। पुलिस के अनुसार घायल की पहचान विनोद प्रजापति, निवासी गुना (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। विनोद के भाई मनोज प्रजापति ने बताया कि उसका भाई शराब पीने का आदी है और अक्सर नशे में घरवालों से झगड़ा करता रहता है। दो दिन पहले भी पारिवारिक विवाद के बाद वह घर से निकलकर कोटा आ गया था और हाल ही में कोटा पहुंचा था। हरपाल सिंह यादव ने बताया कि आज सुबह जब पुलिस हॉस्पिटल पहुंची तो युवक अपने बेड पर मौजूद नहीं मिला। हॉस्पिटल स्टाफ से पूछताछ में सामने आया कि वह कुछ देर पहले बहाना बनाकर अस्पताल से निकल गया था। इस संबंध में परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में चाकूबाजी, लूट या मारपीट की कोई पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि घायल युवक विनोद प्रजापति ने दावा किया है कि देर रात दो युवकों ने उसके साथ मारपीट कर चाकू की नोक पर पैसे छीन लिए। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


