कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी और जिला पंचायत की अध्यक्ष को मंदिर में पूजा करने से रोकने एवं अपमानित कर बाहर निकाल देने की शिकायत के बाद भी पुलिस ने FIR नहीं लिखी तो शुक्रवार को सरगुजा कांग्रेस एवं सर्व आदिवासी समाज ने आजाक थाने का घेराव कर दिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा ही नहीं, पूरी सरकार आदिवासियों के साथ न्याय नहीं कर रही है। दबाव में शिकायत के बाद भी पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की है। जिला कांग्रेस कमेटी एवं सर्व आदिवासी समाज ने शुक्रवार को रैली निकाली और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ आजाक थाने पहुंचकर थाने के घेराव करते हुए नारेबाजी की। आरोप है कि कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी सरिता पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह सहित आदिवासी कार्यकर्ताओं को अजिरमा में भाजपा पदाधिकारी ने मंदिर में जाने से रोका। उन्हें आदिवासी कहते हुए अपमानजनक व्यवहार किया। सर्व आदिवासी समाज भी प्रदर्शन में शामिल
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सर्व आदिवासी समाज ने भी विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया और सर्व आदिवासी समाज के कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन का अल्टीमेटम कांग्रेस ने पहले ही दे दिया था। आजाक थाने में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। उन्हें हटाते हुए कांग्रेसी थाने के सामने पहुंच गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले-दबाव में नहीं हो रही FIR
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि शिकायत में आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर था, लेकिन अब पूरी सरकार पर आरोप है कि प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री के होने के बाद भी आदिवासियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। पुलिस दबाव में FIR दर्ज नहीं कर रही है। कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव प्रचार में अपने झंडे, पोस्टर भी नहीं लगा पा रहे हैं। वे डरे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों को जल्द मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया तो उन्होंने प्रदर्शन समाप्त किया। जांच अधिकारी मानक राम कश्यप ने कहा कि मामला जांच में है। यह था मामला
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 में कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी सरिता पैकरा के साथ ही सरगुजा जिला पंचायत की अध्यक्ष मधु सिंह और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार शाम चुनाव प्रचार करने के लिए अजिरमा गए थे। शिकायत में आरोप है कि वल्लभ राधा कृष्ण मंदिर में वे पूजा करने गए तो वहां भाजपा का कार्यक्रम आयोजित होना बताकर उन्हें प्रवेश से रोका गया और आदिवासी बताकर पूजा भी नहीं करने दिया गया। विवाद से भाजपा ने किनारा किया
कांग्रेस ने आजाक थाने में शिकायत की तो बुधवार को दिनभर भाजपा की कोई प्रतिक्रया सामने नहीं आई। कांग्रेस ने आंदोलन का अल्टीमेटम जारी किया तो बुधवार रात भाजपा के सह प्रवक्ता ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि भाजपा का इस कार्यक्रम से कोई लेना देना नहीं है। किसी जनपद सदस्य के प्रत्याशी ने उक्त मंदिर में कार्यक्रम रखा था। दो दिन बाद चुनाव, कांग्रेस ने बनाया मुद्दा
अंबिकापुर जिला पंचायत क्षेत्र में दो दिनों बाद त्रिस्तरीय पंचायत की वोटिंग होनी है। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 अनारक्षित महिला वर्ग की सीट आरक्षित हुई है। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की धर्मपत्नी दिव्या सिसोदिया का मुकाबला कांग्रेस समर्थित सरिता पैकरा से है। मंदिर में हुए विवाद को कांग्रेस ने मुद्दा भी बना दिया है।


