स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत “बढ़ा हाथ-करें सफाई साथ” अभियान के तहत नगर निगम द्वारा मंगलवार को रविंद्र नाट्यगृह में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनसुख लक्ष्मण भाई मांडविया और महापौर पुष्यमित्र भार्गव मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल के अनुसार कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और महापौर द्वारा स्वच्छता गीत 2025-26 तथा स्वच्छ वार्ड रैंकिंग 2025-26 का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वच्छता चैम्पियनों और निगम के 22 जोनल कार्यालयों के उत्कृष्ट सफाई मित्रों को सम्मानित किया जाएगा। नई टूल किट की जानकारी दी जाएगी कार्यक्रम में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लिए तैयार नई टूल किट की प्रस्तुति भी दी जाएगी, जिसमें आगामी सर्वेक्षण की तैयारियों और दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। आयोजन में सांसद, विधायक, निगम आयुक्त, सभापति, एमआईसी सदस्य, पार्षद और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे।


