कोटा में इन्द्र विहार इलाके में तीन मंजिला रेस्टोरेंट बिल्डिंग गिरने के बाद निगम की तरफ से आसपास बने पांच अवैध बिल्डिंग संचालकों को नोटिस जारी किए गए थे। जिसमें अवैध तरीके से बनाई हुई मंजिलों को खाली करने और अवैध निर्माण हटाने के निर्देश थे। निगम की तरफ से दिया गया दो दिन का समय सोमवार को खत्म हो गया। हालांकि अभी तक निगम की तरफ से इन बिल्डिंग मालिकों या बिल्डिंगों पर कोई एक्शन नहीं हुआ। इधर, बिल्डिंग मालिकों की तरफ से खुद अवैध निर्माण को हटाने के लिए कहा गया है। जिसके बाद मंगलवार को आस पास की बिल्डिंगों में जो दुकानें थी उनको खाली करवाने का काम शुरू हो गया। शनिवार रात दुर्घटनाग्रस्त हुए भवन के पास प्लॉट संख्या एस-5, एस-6, एस-65, एस-67 और एस-68 में बने भवन में अवैध निर्माण पाया गया था। है। एस-68 में निर्मित भवन को असुरक्षित माना। ऐसे में इन सभी भूखण्ड मालिकों को तुरन्त प्रभाव से भवन खाली करते हुए दो दिन में अवैध निर्माण हटाने का नोटिस जारी किया गया था। मंगलवार को भास्कर टीम मौके पर पहुंची तो यहां पर इन भवनों से दुकानें खाली करवाने का काम चल रहा था। दुकानदार खुद दुकाने खाली करते नजर आए। साथ ही साथ इन बिल्डिंग के बाहर जहां जहां टीनशेड लगातार अतिक्रमण था, उन्हें भी खोलने की कार्रवाई की जा रही थी। जो भवन गिरा, उसके जस्ट पास वाली बिल्डिंग में दूसरी मंजिल पर सैलून चलाने वाले शहजाद ने बताया कि जानकीलाल मालव की बिल्डिंग है। अब मालिक ने दुकानों को खाली करवाने का काम शुरू कर दिया है। ठेकेदार से बात की गई है जो कि अवैध निर्माण जो ऊपर हो रहा है दो मंजिल का उसे तोड़ा जाएगा। लेबर लगाकर हाथों से ही अवैध निर्माण को हटवाया जाएगा, क्योंकि पहले भी हादसा मशीनों के इस्तेमाल करने की वजह से हुआ था। दो मंजिल को तोड़ा जाएगा। इसी तरह आस पास के भवन भी खाली कर दिए है। इसके पास ही स्थित भवन के मालिक नितिन मेवाडा ने बताया कि उनके यहां बाहर टीनशेड के अतिक्रमण को हटाने का नोटिस आया था, जिसे हटा दिया गया है। अतिक्रमण हटाने में लगी निगम की टीमें
इधर, हादसे के बाद निगम टीमों का ध्यान अतिक्रमण पर है। अलग अलग टीमे शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में जुटी है। इसमें हादसे वाले इलाके में जिन दुकानदारों के कच्चे पक्के अतिक्रमण कर रखे हैं उन्हें हटाया जा रहा है। वहीं अग्निशमन विभाग की तरफ से अलग अलग टीमें बनाई गई है जो कि बिल्डिंगों, होटल, हॉस्टल, रेस्टोरेंट में अग्निशमन सुरक्षा के बंदोबस्त की जांच कर रही है। अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि शहरभर में रिहायशी और व्यावसायिक भवनों, मॉल, वेज-नॉनवेज रेस्टोरेंट्स सहित उन सभी परिसरों का निरीक्षण किया जा रहा है जहां अग्नि दुर्घटना से जान-माल के नुकसान की आशंका है। नियमों की अनदेखी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीजिंग की कार्रवाई की जाएगी।


