गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिला युवा कांग्रेस ने आगामी मनरेगा संशोधन संग्राम युवा महापंचायत की तैयारियों को लेकर एक संगठनात्मक बैठक की। यह महापंचायत 12 फरवरी 2026 को राजधानी रायपुर में आयोजित होगी। बैठक में युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव और GPM प्रभारी आकाश मिश्रा और सह प्रभारी रामेश्वर पुरी गोस्वामी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने कार्यक्रम की सफलता के लिए संगठन को मार्गदर्शन दिया और युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। प्रदेश सचिव आकाश मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा में किए जा रहे संशोधन मजदूरों, ग्रामीणों और बेरोजगार युवाओं के हितों पर सीधा हमला है। युवा कांग्रेस इन नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक और संगठित तरीके से संघर्ष करेगी और मनरेगा संशोधन संग्राम युवा पंचायत के जरिए सरकार की नीतियों की सच्चाई जनता तक पहुंचाएगी। युवाओं को जागरूक करने पर जोर सह प्रभारी रामेश्वर पुरी गोस्वामी ने पंचायत स्तर पर युवाओं को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने और कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में इन विषयों पर हुई चर्चा बैठक में मनरेगा संशोधन संग्राम युवा पंचायत की रूपरेखा, प्रचार-प्रसार, पंचायत और ब्लॉक स्तर पर समन्वय, मीडिया प्रबंधन और अनुशासनात्मक व्यवस्था जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। GPM जिला युवा कांग्रेस ने कहा कि वह आने वाले समय में युवाओं, किसानों और श्रमिक वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।


