टीकमगढ़ के देहात थाना क्षेत्र स्थित जनकपुर गांव में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। घटना का पता मंगलवार सुबह चला, जिसके बाद पीड़ित ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जनकपुर निवासी रामलाल अहिरवार ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे वे अपने दो मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल पर सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह जब उनकी पत्नी सोकर उठीं, तो उन्होंने नीचे के मुख्य दरवाजे का गेट खुला पाया। रामलाल ने नीचे आकर देखा तो कमरे का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर लोहे के बक्से में रखे चांदी के जेवर, जिनमें पायल, करधौनी और छानी की हाफ पेटी शामिल थी, चुरा ले गए। इसके अलावा, बक्से से 30 हजार रुपये नकद भी गायब थे। रामलाल अहिरवार ने बताया कि वह कारीगरी का काम करते हैं। सोमवार को ठेकेदार ने उन्हें मजदूरों का भुगतान करने के लिए ये पैसे दिए थे। आज ही उन्हें मजदूरों को भुगतान करना था। चोरी हुए जेवरात और नकदी मिलाकर कुल नुकसान करीब डेढ़ लाख रुपए बताया गया है। देहात थाने में घटना की शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आवेदन ले लिया है और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है, हालांकि अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।


