12वीं बोर्ड परीक्षाएं शुरू, 192 छात्र अनुपस्थित:15129 परीक्षार्थियों ने दिया अंग्रेजी का पर्चा; एसडीएम ने किया निरीक्षण

माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी से बालाघाट जिले में शुरू हो गईं। 12वीं बोर्ड के 15,129 परीक्षार्थियों ने अंग्रेजी का पर्चा हल किया, जबकि 192 परीक्षार्थी परीक्षा देने केंद्र नहीं पहुंचे। परीक्षा केंद्रों पर अभिभावक भी अपने बच्चों के साथ पहुंचे थे और उन्हें रोल नंबर ढूंढने में मदद कर रहे थे। हालांकि, परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले सभी अभिभावकों को केंद्र परिसर से बाहर कर दिया गया। मंगलवार को परीक्षा से पहले कई अभिभावक और परीक्षार्थी एडमिट कार्ड में ‘एक्सीलेंस स्कूल’ नाम देखकर परेशान हुए। बाद में उन्हें पता चला कि यह उत्कृष्ट विद्यालय ही है। एक अभिभावक ने बताया कि एडमिट कार्ड में सेंटर का नाम अंग्रेजी में ‘एक्सीलेंस’ लिखा होने से उन्हें परेशानी हुई, क्योंकि यह स्कूल पहले ‘गवर्नमेंट स्कूल’ के नाम से जाना जाता था। परीक्षा के दौरान, बालाघाट एसडीएम गोपाल सोनी ने फ्लाइंग स्क्वॉड के साथ संवेदनशील परीक्षा केंद्र महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय का निरीक्षण किया। इस वर्ष हायर सेकेंडरी और हाईस्कूल बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 39,173 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशानुसार, 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू होकर 7 मार्च तक चलेंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू होकर 6 मार्च तक आयोजित होंगी। इस वर्ष जिले में कक्षा 10वीं में 21,682 और कक्षा 12वीं में 17,491 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनके लिए कुल 132 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी 132 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल की परीक्षाएं होंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 118 केंद्रों पर आयोजित की जा रही हैं। स्वाध्यायी परीक्षार्थियों की संख्या कक्षा 10वीं में 1,154 और कक्षा 12वीं में 863 है। इनके लिए संदीपनी स्कूल बालाघाट और महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय को केंद्र बनाया गया है, जिन्हें बोर्ड ने संवेदनशील घोषित किया है। इसके साथ ही केन्द्रो में नकल रोकने के लिए प्रशासनिक और शिक्षा विभाग की ओर से फ्लाईंग स्कॉट टीम का गठन किया गया है। जिसमें प्रशासनिक टीम में एसडीएम और तहसीलदार के 10, शिक्षा विभाग और जनजातीय विभाग के 10 और एक जिला स्तर का फ्लाईंग स्कॉट होगा। जिसमें कुल 63 अधिकारी तैनात होंगे। इस तरह 21 फ्लाईंग स्कॉट की टीम केन्द्रो का निरीक्षण कर परीक्षा के संचालन और नकल पर नजर रखेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *