बड़वानी में माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई हैं। पहला पेपर अंग्रेजी विषय का रहा। सुबह 8:30 बजे से शुरू हुई परीक्षा के लिए छात्रों को आधे घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। पहले दिन जिले के 57 केंद्रों पर कुल 8560 बच्चे शामिल हुए। नकल रोकने प्रशासन ने लगाए जैमर प्रशासन ने नकल रोकने के लिए एग्जाम सेंटरों पर पुख्ता इंतजाम किए। शहर के अति संवेदनशील केंद्रों पर जैमर लगाए गए, ताकि मोबाइल फोन केंद्र के आसपास काम न कर सकें। पेपर का वितरण परीक्षा शुरू होने से पांच मिनट पहले कक्षा में ही बॉक्स खोलकर किया गया। एसडीएम और तहसीलदार चेकिंग पर निकले शिक्षा विभाग के मुताबिक नकल रोकने के लिए जिला स्तर पर उड़नदस्ते और ब्लॉक स्तर पर दल गठित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, एसडीएम और तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों के दल भी केंद्रों का लगातार भ्रमण कर चेकिंग करते रहे। ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों को अपने मोबाइल फोन पूरी तरह स्विच ऑफ रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर रही सुचारू व्यवस्थाएं जिला मुख्यालय के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक और सुव्यवस्थित पाई गईं। इन केंद्रों पर छात्रों को समय पर प्रवेश मिला और शांत वातावरण में परीक्षा संपन्न हुई। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के केंद्र अध्यक्ष रणजीत सिंह सोलंकी ने बताया कि अंग्रेजी विषय के पेपर में कुल 558 परीक्षार्थी दर्ज थे।


