नरसिंहपुर में बोर्ड परीक्षाएं शुरू, कलेक्टर ने किया निरीक्षण:पहले दिन 12वीं के परीक्षार्थियों हल किया पर्चा; देरी से आने पर नहीं मिला प्रवेश

नरसिंहपुर में मंगलवार से माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएं शुरु हो गई है। जिले के 73 परीक्षा केंद्रों पर कक्षा 12वीं के 12,077 परीक्षार्थी अपने पहले पेपर में शामिल हुए। परीक्षा के पहले दिन प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। कलेक्टर रजनी सिंह ने खुद मैदान में उतरकर विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व सुविधाओं का जायजा लिया। संवेदनशील केंद्रों पर कड़ी निगरानी कलेक्टर रजनी सिंह ने बताया कि जिले में सुचारु परीक्षा संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले के अधिकांश केंद्र सामान्य हैं, हालांकि एक केंद्र को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इस केंद्र पर निजी स्कूलों के छात्र परीक्षा दे रहे हैं, इसलिए यहां पुलिस बल और पर्यवेक्षकों की विशेष तैनाती की गई है। कलेक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के केंद्रों का निरंतर भ्रमण करें। 9 बजे के बाद ‘नो एंट्री’ परीक्षा के समय और नियमों को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अख्तियार किया है। रिपोर्टिंग समय: परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। अंतिम प्रवेश: सुबह 9 बजे के बाद किसी भी स्थिति में परीक्षार्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। गोपनीयता: 9 बजे के बाद प्रश्न पत्र का वितरण शुरू हो जाता है, इसलिए सुरक्षा और गोपनीयता के मद्देनजर देरी से आने वालों को प्रवेश वर्जित है। देर से आने पर छात्र को नहीं मिला प्रवेश निरीक्षण के दौरान एक ऐसा मामला भी सामने आया जहां एक परीक्षार्थी सुबह 9:30 बजे केंद्र पर पहुंचा। नियमों का हवाला देते हुए उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई। कलेक्टर ने कहा कि प्रश्न पत्र खुलने के बाद प्रवेश देना संभव नहीं है, अतः छात्र समय का विशेष ध्यान रखें। शांतिपूर्ण रहा पहला दिन कलेक्टर ने जिन 4-5 केंद्रों का निरीक्षण किया, वहां बैठक व्यवस्था, पेयजल और प्रकाश के इंतजाम संतोषजनक पाए गए। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले में पूरी पारदर्शिता और शांति के साथ बोर्ड परीक्षाएं संपन्न होंगी। प्रशासन का लक्ष्य छात्रों को तनावमुक्त और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *