उमरिया जिले में हायर सेकेंडरी परीक्षा आज मंगलवार से शुरू हो गई है। जिले के 45 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4,981 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी है। जिनमें 4,746 नियमित और 235 स्वाध्यायी छात्र शामिल हैं। पहले दिन अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई स्टूडेंट बोले-पेपर आसान था, हमने पूरा किया पहले दिन निर्धारित समय पर छात्र केंद्रों पर पहुंचे और परीक्षा दी। परीक्षा खत्म होने के बाद अनामिका पासी ने बताया कि अंग्रेजी का पेपर अच्छा था और चारों सेट कठिन नहीं थे। उन्होंने कहा, “हमने पूरा पेपर किया है।” जिले में तीन परीक्षा केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। इनमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मानपुर और शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली शामिल हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। जेल में बंद छात्र ने भी दी परीक्षा जिला मुख्यालय के पीएम श्री हाई सेकेंडरी स्कूल कालरी में कॉमर्स संकाय का छात्र सृजन जेल में रहते हुए परीक्षा में शामिल हुआ। जेलर डी.के. सारस ने बताया कि सृजन एक आपराधिक मामले में जेल में है। उसने भविष्य सुधारने की इच्छा व्यक्त की, जिसके बाद उसे परीक्षा देने की अनुमति मिली। जेल प्रशासन ने पढ़ाई के लिए किताबें उपलब्ध कराईं और आवश्यक सुरक्षा गार्ड के साथ उसे परीक्षा केंद्र भेजा।


