मंडी में शिवरात्रि महोत्सव में ठेका प्रथा का विरोध:दुकानदार बोले- दोगुनी कीमत पर मिल रही दुकानें, 16 फरवरी से शुरू होगा मेला

मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में व्यापार करने वाले व्यापारियों ने मंगलवार को पड्डल मैदान में ठेका प्रथा का विरोध किया। व्यापारियों का आरोप है कि प्रथा के कारण उन्हें दुकानें लगाने के लिए दोगुनी कीमत पर जगह मिल रही है। व्यापारी सोहन सिंह सहित अन्य व्यापारियों ने बताया कि, वे पिछले 25 वर्षों से शिवरात्रि महोत्सव में व्यापार कर रहे हैं। जब से ठेकेदारी प्रथा शुरू हुई है, तब से उन्हें जमीनें महंगी दी जा रही हैं। व्यापारियों का कहना है कि जिला प्रशासन ठेकेदारों के साथ मेला मैदान का सौदा कर देता है, जिसके बाद ठेकेदार उनसे मनमाने दाम वसूलते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पिछले साल जो जगह 25 हजार रुपये में मिली थी, वह इस बार 50 हजार रुपए में दी जा रही है, जो उनके लिए चुकाना मुश्किल है। सीएम से ठेका प्रथा बंद करने की मांग व्यापारियों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से निवेदन किया है कि उनका घर-परिवार मेलों से ही चलता है। ठेका प्रथा के कारण उन्हें महंगी जमीन खरीदनी पड़ती है, जिससे उन्हें अपना सामान भी महंगा बेचना पड़ता है, जिससे उपभोक्ता भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की है कि मेलों में इस तरह की ठेका प्रथा बंद की जाए और दुकानों के आवंटन के लिए जिला प्रशासन को नियुक्त किया जाए। इस दौरान व्यापारियों ने पड्डल ग्राउंड में ठेका प्रथा बंद करने के नारे भी लगाए। उल्लेखनीय है कि 16 से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में हिमाचल ही नहीं, बल्कि बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में व्यापारी व्यापार करने के लिए पहुंचते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *