दमोह पहुंचे बॉलीवुड के विलेन गुलशन ग्रोवर:क्रिकेट मैच का फाइनल देखने आए, बोले- जीत हमेशा सच्चाई की होती है

दमोह जिले की पथरिया विधानसभा के बटियागढ़ ब्लॉक में चल रहे विधानसभा स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मंगलवार दोपहर बॉलीवुड अभिनेता गुलशन ग्रोवर पहुंचे। ‘बैडमैन’ के नाम से मशहूर गुलशन ग्रोवर का स्वागत पशुपालन राज्य मंत्री लखन पटेल और पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह ने किया। गुलशन ग्रोवर की एक झलक पाने के लिए खेल मैदान में हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद थे। दर्शकों ने उनसे कई फिल्मी डायलॉग बोलने का आग्रह भी किया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला चिरोला और सदगुवा की टीमों के बीच खेला गया। सदगुवा की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 147 रन बनाए और ऑल आउट हो गई। जवाब में चिरोला की टीम दूसरी पारी खेल रही थी। बटियागढ़ पहुंचे गुलशन ग्रोवर ने कहा कि वे खिलाड़ियों का प्रोत्साहन करने और क्रिकेट जैसे खेल को बढ़ावा देने के लिए इतनी दूर से आए हैं।
उन्होंने अपने विलेन के किरदार के बारे में बात करते हुए कहा कि फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे किरदार निभाए जाते हैं। हालांकि, जीत हमेशा सच्चाई की होती है और सच कभी पराजित नहीं होता। उन्होंने यह भी जोड़ा कि कहानी का एक सच यह भी है कि हीरोइन हमेशा हीरो को ही मिलती है, विलेन को नहीं। उन्होंने बताया की फिल्म प्रोड्यूसर प्रदीप शर्मा ने उन्हें बताया था कि दमोह बुंदेलखंड का बहुत अच्छा जिला है और यहां काफी अच्छे पर्यटन स्थल हैं। उन्होंने यहां आकर इन पर्यटन स्थलों को रास्ते में देखा भी है। यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लगा। इस दौरान गुलशन ग्रोवर ने अपनी कुछ फिल्मों के डायलॉग भी सुनाए। जिसे सुनकर खेल मैदान में मौजूद दर्शक खुशी से झूम उठे। पशुपालन राज्य मंत्री लखन पटेल ने कहा कि आज फाइनल मुकाबले में बॉलीवुड अभिनेता गुलशन ग्रोवर बटियागढ़ पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें बैडमैन के नाम से बॉलीवुड में जाना जाता है। जबकि असल जिंदगी में वह एक बहुत अच्छे इंसान हैं। केवल फिल्मों में किरदार निभाने के लिए वह विलन का रोल करते हैं। बॉलीवुड फिल्मों में 400 से अधिक फिल्में वह कर चुके हैं। बटियागढ़ पहुंचने पर पूरी पथरिया विधानसभा के साथ ही दमोह जिले के हजारों लोगों ने उनका स्वागत किया। बटियागढ़ में खुली जीप में एक रोड से भी गुलशन ग्रोवर के द्वारा किया गया। इस दौरान सुरक्षा के लिए पथरिया के साथ बटियागढ़ का पुलिस बल तैनात किया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *