जोधपुर नगर निगम यूडी (अर्बन डेवलपमेंट) टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है। निगम ने करीब 50 लाख रुपए का यूडी टैक्स जमा नहीं करने वाली संस्था पर कार्रवाई करते हुए ऑफिस और दुकानों को सीज किया है। निगम ने कायस्थ जनरल सभा परिसर में संचालित सर प्रताप विधि महाविद्यालय और परिसर की दुकानों पर कार्रवाई की है। निगम ने कॉलेज में स्टूडेंट्स के मिड टर्म एग्जाम के चलते कॉलेज में कमरों को सीज नहीं किया। वहीं परिसर में बने ऑफिस, सभा के कार्यालय को चीज किया गया है। परिसर के आगे की तरफ महात्मा गांधी रोड पर बनी करीब 50 दुकानों को भी सीज किया गया है। संस्था पर 49,47,037 रुपए का यूडी टैक्स बकाया है। यह टैक्स वर्ष 2017 से बकाया है। अलग-अलग बिल देने का किया था निवेदन वहीं, कार्रवाई को लेकर कायस्थ जनरल सभा के अध्यक्ष नरेश माथुर ने बताया कि परिसर में तीन अलग-अलग बिल आ रहे थे। एक इंस्टीट्यूशनल, एक रेजिडेंशियल और एक कमर्शियल। हमने निगम से रिक्वेस्ट की थी कि इन बिल को अलग-अलग दिया जाए लेकिन निगम ने सभी को एक करके सीज की कार्रवाई की है। इस संबंध में निगम आयुक्त से बात की है। बकाया टैक्स जमा करवाया जा रहा है। सरदारपुर में मैरिज हॉल को किया था सीज गौरतलब है कि सोमवार को निगम ने सरदारपुरा स्थित एक मैरिज हॉल पर कार्रवाई की थी। सरदारपुरा डी रोड स्थित सेंट एंड्रयूज हॉल को सीज किया गया था। संस्था ने यूडी टैक्स 42 लाख 9 हजार 606 रुपए जमा नहीं कराए थे। निगम की ओर से दिए नोटिस को 15 दिन हो चुके थे। ऐसे में हॉल के चारों गेट को बंद कर दिया गया और ऑफिस को सीज करने की कार्रवाई की गई।


