झालावाड़ जिले के मंडावर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। रामडी गांव के पास डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे झालावाड़ शहर के मल मोहल्ला निवासी इरफान (40) पुत्र कमरूद्दीन की जान चली गई। जानकारी के अनुसार इरफान अपनी बाइक से मंडावर थाना क्षेत्र के चारियाखेड़ी धार्मिक स्थल जा रहा था। इसी दौरान एक डंपर के ड्राइवर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इरफान को एक निजी वाहन से झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मंडावर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।


