हरदा के स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने प्राचार्य को हटाने की मांग को लेकर दोबारा प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ मिलकर कॉलेज का मेन गेट बंद कर दिया। दोपहर करीब 2 बजे प्राचार्य कक्ष में घुसने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प भी हुई। प्रदर्शन दोपहर 12 बजे शुरू हुआ। प्राचार्य डॉ. संगीता बिले और अन्य प्राध्यापक प्रदर्शनकारियों से मिलने आए, लेकिन छात्रों ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया। इसके बाद एसडीएम अशोक डेहरिया, एसडीओपी शालिनी परस्ते और तहसीलदार राजेंद्र पंवार मौके पर पहुंचे। मुख्य गेट पर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से हवन भी किया। पुलिस से हुई झूमाझटकी करीब 2 बजे हवन के बाद कार्यकर्ता प्राचार्य के कक्ष में घुसने का प्रयास करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने उन्हें रोका, जिससे पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। इसके बाद कार्यकर्ता प्राचार्य कक्ष के सामने ही धरने पर बैठ गए। ‘जब तक नहीं हटेंगी, धरना जारी रहेगा’ परिषद के नगर मंत्री शुभम ढोके ने कहा कि जब तक प्रभारी प्राचार्य को नहीं हटाया जाता, उनका धरना जारी रहेगा। छात्रा प्रमुख लिशिका काले ने छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था और लाइब्रेरी की अव्यवस्था पर चिंता जताई और कहा कि मांगें पूरी न होने तक धरना जारी रहेगा। प्राचार्य बोलीं- शासकीय कार्य में बाधा डाल रहे प्राचार्य डॉ. बिले ने कहा कि ABVP कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य कक्ष और आईटी सेल बंद करा दिया है, जिससे शासकीय कार्य में बाधा आ रही है। उन्होंने बताया कि वे इस संबंध में कलेक्टर से शिकायत करने जा रही हैं। इससे पहले शनिवार को भी परिषद के कार्यकर्ताओं ने करीब छह घंटे तक कॉलेज परिसर में धरना दिया था। तब उन्होंने रात 9 बजे एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त किया था।


